पलामूः मोबाइल नंबर ब्लॉक करने पर 26 वर्ष के प्रेमी ने अपनी 35 वर्ष की प्रेमिका को खौफनाक सजा दी है. प्रेमी ने अपने प्रेमिका को दर्दनाक तरीके से मौत के घाट उतार दिया. ये पूरा मामला लेस्लीगंज थाना क्षेत्र का है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
दरअसल, 30 सितंबर को पलामू में लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के सांगबार में एक महिला का शव उसके घर से बरामद किया गया. महिला की लोढ़ा (पत्थर का भारी औजार) से कूचकर हत्या की गई. जबकि अपराधी महिला के कमरे से वेंटिलेटर से बाहर भागा और फरार हो गया.
पूरे मामले में पलामू में लेस्लीगंज थाना के पुलिस ने अनुसंधान करते हुए महिला के प्रेमी संदीप कुमार को गिरफ्तार किया है. संदीप कुमार ट्रेन से भगाने के फिराक में था. इसी क्रम में रांची रेलवे स्टेशन से पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया गया है.
संदीप कुमार और महिला के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था. संदीप कुमार बाहर मजदूरी करने चला गया था. इसी क्रम में महिला ने उससे बातचीत बंद कर दी और उसके नंबर को ब्लॉक कर दिया. इसके बाद घटना के दिन संदीप कुमार वेंटिलेटर से महिला के कमरे में दाखिल हुआ था.
इस घटना को लेकर लेस्लीगंज के थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने बताया कि कमरे के अंदर ही दोनों के बीच नंबर ब्लॉक करने को लेकर बहस हुई. इसी बहस में संदीप ने सबसे पहले घर में रखे पीढ़ा (लकड़ी की वस्तु) से महिला के सिर पर वार किया और बाद में लोढ़ा से कूचकर हत्या कर दी थी. संदीप कुमार राज्य से बाहर भगाने के फिराक में था. इसी क्रम में पुलिस ने रांची रेलवे स्टेशन पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया है


