Join our community of SUBSCRIBERS and be part of the conversation.
To subscribe, simply enter your email address on our website or click the subscribe button below. Don't worry, we respect your privacy and won't spam your inbox. Your information is safe with us.
पलामूः जिले में ऑनर किलिंग की घटना को अंजाम दिया गया है. परिजनों ने पहले अपनी बेटी की हत्या की और बाद में लड़के को जमकर पीटा. उसके बाद रॉड से लड़के की आंख निकाल कर उसकी भी हत्या कर दी गई. फिर दोनों का शव बारी-बारी से कुएं में फेंक दिया गया. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए लड़की की मां, पिता, चाचा समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
दअसल, पलामू के तरहसी थाना क्षेत्र के टरिया में रविवार की रात पुलिस ने एक प्रेमी जोड़े का शव बरामद किया था. शवों की पहचान तरहसी के भंडरा गांव के रहने वाले कारू सिंह और लड़की की पहचान टरिया के रहने वाली विभा कुमारी के रूप में हुई थी. पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया था.
मामले में मृतक कारू सिंह के भाई जयप्रकाश कुमार के आवेदन के आधार पर गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई थी. पुलिस ने पूरे मामले की छानबीन के बाद मृतका विभा कुमारी के पिता उपेंद्र महतो, मां कलावती देवी, चाचा जनेश्वर महतो, विमलेश महतो और राकेश महतो को गिरफ्तार किया है.
पुलिस को दिए गए आवेदन के आधार पर युवक कारू सिंह शनिवार रात से ही घर से लापता था. लेस्लीगंज के एसडीपीओ मनोज कुमार झा ने बताया हत्या में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. लड़का और लड़की के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था. जिसके विरोध में लड़की के परिजनों ने हत्याकांड को अंजाम दिया है. सुनियोजित तरीके से लड़के को बुलाया गया था और उसकी हत्या कर दी गई.
दरअसल, कुछ दिनों पहले विभा कुमारी की सगाई हुई थी. विभा और कारू के प्रेम संबंधों की जानकारी दोनों के परिजनों को थी. कारू के गायब होने के बाद लड़के के परिजनों ने भी विभा के परिजनों से संपर्क किया था. विभा के परिजनों ने हत्या की घटना को छुपाया और कारू के परिजनों से दोनों को ढूंढने का आग्रह किया था.
विभा के परिजन लगातार कारू के परिजनों को कह रहे थे कि इज्जत की बात है. लड़की और लड़का को ढूंढिए. मृतक कारू के भाई जयप्रकाश उर्फ गुड्डू ने बताया कि उनके भाई की निर्मम तरीके से हत्या की गई है. हत्या में शामिल लोगों ने उनके भाई की आंख भी निकाल ली. वह भाई को ढूंढ रहे थे, लेकिन लड़की के परिजनों ने दोनों की हत्या करने के बाद भी बातों को छुपाया. दोनों के बीच का कई महीने से प्रेम प्रसंग चल रहा था.
घटना के दिन कारू ने अपने डेढ़ बीघा खेत में धान की रोपाई करवाई थी. उसके बाद शाम के पांच बजे वह घर से निकला था. पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि लड़की के परिजनों ने दोनों को एक साथ पकड़ा था. उसके बाद पहले लड़की की हत्या की गई. बाद में लड़के की बेरहमी से पिटाई की गई और निर्मम तरीके से उसे भी मौत के घाट उतार दिया गया. रविवार की शाम पांच बजे के करीब टरिया के एक कुएं में दोनों का शव बरामद हुआ था. कुआं आरोपियों के घर से चंद मीटर की दूरी पर है.