पलामूः चौथी बार पलामू डीसी के नाम पर फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाया गया है. पलामू के डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत के नाम पर फर्जी व्हाट्सएप बनाया गया था और एक अधिकारी को मैसेज किया गया था. फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट इंडोनेशिया के नंबर से बनाया गया है. व्हाट्सएप अकाउंट से कई अधिकारियों और नागरिकों को मैसेज भेजा गया है.
मामला प्रकाश में आने के बाद पलामू जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने इस संबंध एक अपील जारी की है और लोगों से सावधान रहने की अपील की है. आपको बता दें कि फरवरी में पलामू एसपी के नाम पर भी फर्जी व्हाट्सएप बनाया गया था. साथ ही इससे पहले तीन बार पलामू डीसी के नाम पर फर्जी व्हाट्सएप और फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाया जा चुका है. 2025 के अंतिम महीने में वियतनाम के नंबर पर पलामू डीसी के नाम पर फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाया गया था.
दरअसल, इससे पहले भी साइबर अपराधियों ने तीन बार पलामू डीसी के नाम से फर्जी व्हाट्सएप बनाया था. पहली बार 2021-22 में, जबकि दूसरी बार 2022-23 में और तीसरी बार 2025 के अंतिम महीनों में पलामू डीसी के नाम से फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाया गया.
वहीं फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट के मामले में पलामू में एफआईआर दर्ज कर ली गई है. पूरे मामले में जांच के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे भी हुए हैं. पहली बार फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट के लिए बिहार से सिम को खरीदा गया था और आईफोन से अकाउंट को बनाया गया था.


