पटना: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने परिसीमन और महिला आरक्षण के मुद्दे पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का रुख स्पष्ट किया है। शनिवार को दिल्ली रवाना होने से पहले पटना एयरपोर्ट पर उन्होंने कहा कि इस विषय पर पार्टी का स्टैंड पहले से तय है। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार से सवाल किया कि सभी राजनीतिक दलों को साथ लेकर इस मुद्दे पर चर्चा क्यों नहीं की गई।
सभी दलों से बातचीत की जरूरत: तेजस्वी
तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार को परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों पर सभी राजनीतिक दलों को बुलाकर विचार-विमर्श करना चाहिए था। उनके मुताबिक, व्यापक चर्चा से इस विषय पर बेहतर सहमति बनाई जा सकती थी।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की ओर से विधेयक का समर्थन किए जाने से जुड़े सवाल पर तेजस्वी ने कहा कि हर राजनीतिक दल अपना फैसला लेने के लिए स्वतंत्र है। उन्होंने स्पष्ट किया कि RJD इस मामले में अपने रुख के अनुसार निर्णय लेगी।
अशोक चौधरी के इस्तीफे पर भी कसा तंज
बिहार के मंत्री अशोक चौधरी के सहायक प्रोफेसर पद से इस्तीफा देने के मामले पर भी तेजस्वी यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि चौधरी ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है।
तेजस्वी ने बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में ऐसे लोग भी मंत्री रहे हैं, जो लंबे समय तक किसी सदन के सदस्य नहीं थे। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार की कार्यप्रणाली को जनता देख रही है।
शादी समारोह में शामिल होने दिल्ली गए तेजस्वी
तेजस्वी यादव सांसद फैयाज अहमद के एक रिश्तेदार के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए विशेष विमान से दिल्ली रवाना हुए। उनके साथ सांसद मीसा भारती और फैयाज अहमद के अलावा संजय यादव, सुरेंद्र यादव, सुमित कुमार, वीरेंद्र कुमार, महेंद्र कुमार, रविंद्र कुमार और सोनू शर्मा भी दिल्ली गए।
इस दौरान RJD सांसद सुरेंद्र यादव भी उनके साथ मौजूद थे। इससे पहले उनके परिसीमन विधेयक के समर्थन को लेकर चर्चा हुई थी। हालांकि, सुरेंद्र यादव ने स्पष्ट किया था कि वह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव के निर्देशों के अनुरूप ही काम करेंगे।
संसद के विशेष सत्र में पेश होंगे विधेयक
गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने 27 नवंबर को हुई कैबिनेट बैठक में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े नए विधेयकों को मंजूरी दी थी। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लोकसभा और विधानसभा की सीटों में 50 फीसदी तक वृद्धि करने और महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार करने की बात कही गई है।
इन प्रस्तावों पर विचार और विधायी प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार ने 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र बुलाया है। हालांकि, विधेयकों को अभी संसद की मंजूरी मिलनी बाकी है।
