पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने बिना अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) के सड़कें न तोड़ने का निर्देश दिया है। उन्होंने सभी अभियंताओं को सख्त हिदायत दी कि बिना विभाग की अनुमति के सड़कों पर कोई कार्य न हो। पटना की 22 सड़क परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने गुणवत्ता सुधारने, अतिक्रमण हटाने और नियमित निरीक्षण पर जोर दिया। सड़क क्षति के मामलों में उच्च स्तरीय समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा।
पटना। पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने शुक्रवार को यह कहा कि बगैर अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) के सड़कों को तोड़ा नहीं जाए।
इस संबंध में सभी अभियंताओं को सख्त निर्देश दिया गया कि विभाग से एनओसी प्राप्त किए बिना सड़कों पर कोई भी कार्य न हो। ऐसी घटनाओं की रिपोर्ट तुरंत प्रस्तुत की जाए।
सड़क क्षति के मामलों में उच्च स्तरीय समन्वय एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पटना की लगभग दो दर्जन सड़कों की समीक्षा के क्रम में उन्होंने यह बात कही।
बैठक में उन्होंने नूतन राजधानी पटना डिवीजन की 22 सड़क परियोजनाओं की समीक्षा कर कई दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान सड़कों के निर्माण की प्रगति की वर्तमान स्थिति, साइनेज, मार्किंग आदि समीक्षा की गई।
अतिक्रमण की सचिव ने की समीक्षा
सड़कों पर अस्थायी, स्थायी अतिक्रमण की स्थिति एवं उनके निष्कासन व समाधान की प्रगति की भी समीक्षा की गयी।
इस क्रम में गर्दनीबाग में मंत्रियों के आवासीय परिसर के चाहरदीवारी के समानान्तर हरित क्षेत्र एवं बापू टावर के दोनों तरफ पथ के निर्माण कार्य की समीक्षा की गई।
इसके अलावा पाटलिपुत्र कालोनी में सड़कों का निर्माण, विवेकानंद मार्ग, खेतान मार्केट से अशोक राजपथ तक सड़क का मजबूतीकरण, एनएच-30 से भूतनाथ लिंक रोड का निर्माण आदि सड़क परियोजना की समीक्षा की गयी।
परियोजनाओं के लक्ष्यों की प्राप्ति की स्थिति का मूल्यांकन किया गया। सचिव ने सड़कों की गुणवत्ता संबंधी मानकों पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया।
कार्यपालक अभियंता को सड़कों की लगातार स्थल निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि राइडिंग क्वालिटी बढ़िया करें ताकि लोगों को सहूलियत हो।
उन्होंने कहा कि संबंधित पदाधिकारी से बात कर सड़कों से अतिक्रमण हटाएं तथा साईनेज भी लगाएं। किसी भी तरह की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।


