Saturday, March 14, 2026

पटना में हरियाणा पुलिस ने धावा बोला, संजय सिंह को गिरफ्तार किया.

Share

पटना : बिहार की राजधानी पटना में हरियाणा पुलिस ने एक कोचिंग संचालक को गिरफ्तार किया है. पटना के पीरबहोर इलाके से हरियाणा पुलिस ने प्लेटफॉर्म कोचिंग के संचालक संजय सिंह को 2.40 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया. संजय सिंह पर आरोप है कि वह एक ऐसे गिरोह का हिस्सा है, जो लोगों को डिजिटल अरेस्ट कर ऑनलाइन फ्रॉड करता है. इस संबंध में हरियाणा के रोहतक थाने में मामला दर्ज है, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई.

पटना से संजय सिंह गिरफ्तार : सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पूछताछ के दौरान पहले तो संजय सिंह ने सभी आरोपों से साफ इनकार किया, लेकिन जब पुलिस ने उसके बैंक खातों का पूरा ब्यौरा सामने रखा, तो वह चुप हो गया. बाद में उसने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि आर्थिक तंगी की वजह से उसने इस धंधे में कदम रखा. संजय सिंह ने पुलिस को यह भी बताया कि उसका रोल केवल पीड़ितों से रुपए मंगाने का था. उसने गिरोह के मुख्य सरगना के बारे में भी पुलिस को जानकारी दी है, जो कि बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है.

Sanjay Singh Arrest In Patna

पटना में हरियाणा पुलिस की रेड : पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद इस पूरे नेटवर्क की परतें खुलनी शुरू हो गई हैं. पुलिस अब गिरोह के असली सरगना तक पहुंचने की कोशिश में जुटी हुई है. वहीं, इस दौरान एक अन्य युवक को भी संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया था. हालांकि जांच में उसकी कोई संलिप्तता सामने नहीं आई. उसने पुलिस को बताया कि वह पहले ही संजय सिंह को चेतावनी दे चुका था कि इस गलत काम से दूर रहे. लेकिन इसके बावजूद आरोपी ने कथित तौर पर कहा था, ‘ऐसे भी मर ही रहे हैं, वैसे भी मरेंगे.’

ट्रांजिट रिमांड के लिए पेशी : गिरफ्तारी के बाद संजय सिंह को पटना सिविल कोर्ट में पेश किया गया. पुलिस ने कोर्ट की प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर हरियाणा ले जाने की तैयारी शुरू कर दी है. इस मामले में पीरबहोर थाना प्रभारी शहजाद गद्दी ने जानकारी दी कि, ”हरियाणा पुलिस आरोपी को लेकर पटना के सिविल कोर्ट गई थी. कोर्ट की औपचारिकता पूरी करने के बाद आरोपी को लेकर हरियाणा पुलिस रवाना हो जाएगी.”

Sanjay Singh Arrest In Patna

बड़े गिरोह के पर्दाफाश की उम्मीद : इस पूरी कार्रवाई के बाद माना जा रहा है कि जल्द ही इस साइबर ठगी के बड़े गिरोह का पर्दाफाश हो सकता है. आरोपी द्वारा दिए गए बयान और उसके बैंक खातों की डिटेल्स से कई अहम सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं. पुलिस का मानना है कि इस नेटवर्क का संचालन बिहार से ही किया जा रहा था, लेकिन इसका दायरा कई राज्यों तक फैला हुआ है.

हरियाणा पुलिस और बिहार पुलिस अब इस मामले में संयुक्त रूप से काम कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संजय सिंह की गिरफ्तारी एक बड़ी कड़ी है, जो पूरे गिरोह की सच्चाई सामने लाने में मददगार साबित होगी. फिलहाल इस मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है. पटना से हरियाणा पुलिस की इस कार्रवाई ने साइबर फ्रॉड करने वाले गिरोह के नेटवर्क को बेनकाब करने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाया है. संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस की नजर उसके साथियों और सरगना पर है.

Read more

Local News