Wednesday, November 4, 2026

पटना में मिठाई दुकानों पर खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन: 855 किलो घी, 174 किलो मिल्क केक और 5.55 टन नूडल्स पर कार्रवाई

Share

पटना, 4 नवंबर 2026। दीपावली और छठ महापर्व से पहले पटना में मिलावटी और मानकविहीन खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य संरक्षा विभाग ने विशेष अभियान चलाया है। विभाग की अलग-अलग टीमों ने राजधानी के कई इलाकों में मिठाई दुकानों, डेयरी प्रतिष्ठानों और खाद्य निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान अगमकुआं के श्याम घी भंडार से 855 किलोग्राम घी और करीब 174 किलोग्राम मिल्क केक जब्त किया गया। वहीं, रामकृष्णा नगर स्थित एक नूडल्स निर्माण इकाई में 5,550 किलोग्राम नूडल्स पर कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की कमी, गलत पैकेजिंग, लाइसेंस और जरूरी दस्तावेजों का अभाव जैसी अनियमितताएं मिलीं। विभाग ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे हैं।

श्याम घी भंडार से 855 किलो घी और 174 किलो मिल्क केक जब्त

अगमकुआं स्थित श्याम घी भंडार में निरीक्षण के दौरान खाद्य विभाग की टीम को 855 किलोग्राम घी और पांच बोरियों में रखा करीब 174 किलोग्राम मिल्क केक मिला। विभागीय रिपोर्ट के अनुसार, इन दोनों खाद्य पदार्थों की संयुक्त अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 99 हजार 400 रुपये है।

इसके अलावा दुकान से नारियल पाउडर के 18 पैकेट यानी करीब 18 किलोग्राम सामग्री, 5 किलोग्राम खीरा सीड्स और हाइड्रो के छह पैकेट समेत अन्य खाद्य पदार्थों पर भी कार्रवाई की गई।

टीम ने घी और मिल्क केक के नमूने जांच के लिए लिए। निरीक्षण में खाद्य सामग्री के भंडारण, कंटेनरों, जरूरी अभिलेखों और लाइसेंस से जुड़ी कमियां सामने आईं। वैध लाइसेंस उपलब्ध नहीं होने सहित अन्य अनियमितताओं के कारण विभागीय टीम ने प्रतिष्ठान बंद करा दिया।

रामकृष्णा नगर में 5.55 टन नूडल्स पर कार्रवाई

खाद्य संरक्षा विभाग की दूसरी टीम ने भूपतिपुर, रामकृष्णा नगर स्थित रिंकू फूड्स प्राइवेट लिमिटेड का निरीक्षण किया। यहां 5,550 किलोग्राम नूडल्स पर कार्रवाई की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 22 हजार रुपये बताई गई है।

जांच के दौरान नूडल्स की पैकेजिंग पर निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि और बैच नंबर से संबंधित जानकारी में अनियमितताएं मिलीं। नूडल्स बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे आटे से जुड़े अभिलेखों और प्रतिष्ठान की संरचनात्मक स्थिति को लेकर भी सवाल उठे।

विभागीय टीम ने नूडल्स और मैदा के नमूने संग्रहित किए। संचालक को कमियां दूर करने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

साधु स्वीट्स की निर्माण इकाई में गंदगी, खोया और हाइड्रो पर कार्रवाई

दानापुर कैंट के सदर बाजार स्थित साधु स्वीट्स एंड कन्फेक्शनरी की निर्माण इकाई में भी कई कमियां सामने आईं। निरीक्षण के दौरान टीम ने 40 किलोग्राम खोया बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 12 हजार रुपये बताई गई। इसके अलावा 2 किलोग्राम औद्योगिक उपयोग वाले हाइड्रो को जब्त कर नष्ट कराया गया। दोनों सामग्रियों की कुल कीमत करीब 12,300 रुपये बताई गई है।

जांच में मिठाई बनाने वाली जगह पर पर्याप्त साफ-सफाई और रोशनी की व्यवस्था नहीं मिली। कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता में भी कमियां पाई गईं। भंडारगृह में खाद्य और अखाद्य सामग्री एक साथ रखी गई थी।

इसके अलावा कर्मचारियों की मेडिकल रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट और पानी की जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं थी। खाद्य कारोबार के लाइसेंस में भी व्यवसाय की श्रेणी सही तरीके से दर्ज नहीं थी।

टीम ने बेसन लड्डू और काजू कतली के नमूने लिए। कमियों में सुधार होने तक दो दिनों के लिए खाद्य पदार्थों का निर्माण बंद रखने का निर्देश दिया गया।

स्वीट्स एंड स्नैक्स में मक्खियां मिलीं, 20 किलो खोया नष्ट

अनिसाबाद-खगौल स्थित स्वीट्स एंड स्नैक्स प्राइवेट लिमिटेड में भी खाद्य विभाग ने छापेमारी की। यहां से 6 किलोग्राम ड्राई अमचूर पाउडर, 4 किलोग्राम कस्टर्ड पाउडर और 450 ग्राम के 256 पैकेट चाउ नूडल्स जब्त किए गए।

इनकी अनुमानित कीमत क्रमशः 4,800 रुपये, 640 रुपये और 8,346 रुपये बताई गई है। इसके अलावा 20 किलोग्राम खोया भी मिला, जिसकी कीमत करीब 6 हजार रुपये आंकी गई। इसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

निरीक्षण के दौरान मिठाई बनाने वाले हिस्से में मक्खियां मौजूद थीं। कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र, पानी की जांच रिपोर्ट और पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं थी।

टीम ने अमचूर पाउडर, कस्टर्ड पाउडर, चाउ नूडल्स, काजू बर्फी, बेसन की मिठाई, स्वीट खोया और रसगुल्ला समेत सात तरह के खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए।

दो दुकानों से 1,125 किलो लड्डू दाना जब्त

फुलवारीशरीफ स्थित मां डेयरी प्रोडक्ट में जांच के दौरान 9 लीटर एक्सपायरी दूध मिला। इसकी कीमत 540 रुपये बताई गई। विभागीय टीम ने दूध को मौके पर ही नष्ट करा दिया। यहां से रसगुल्ले का नमूना भी लिया गया। प्रतिष्ठान को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 और अनुसूची-4 के तहत जरूरी सुधार करने का निर्देश दिया गया।

वहीं, भूपतिपुर स्थित लॉरेंस स्वीट्स से 600 किलोग्राम लड्डू दाना जब्त किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 75 हजार रुपये बताई गई है। दुकान के पास खाद्य कारोबार का लाइसेंस नहीं होने के कारण इसे बंद करा दिया गया।

इसी इलाके में विकास की मिठाई दुकान पर भी कार्रवाई हुई। यहां से 525 किलोग्राम लड्डू दाना जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 63 हजार रुपये आंकी गई। लाइसेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण इस दुकान को भी बंद करा दिया गया।

लैब रिपोर्ट आने के बाद होगी आगे की कार्रवाई

स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने बताया कि दीपावली और छठ के दौरान लोगों को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जांच के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, भंडारण, पैकेजिंग और कारोबार से जुड़े जरूरी दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है। जिन प्रतिष्ठानों से नमूने लिए गए हैं, उनकी प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कुमार रवि के अनुसार, खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। त्योहारों को देखते हुए आने वाले दिनों में भी मिठाई दुकानों, डेयरी उत्पादों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जाएगी।

BHARATSUPERFASTNEWS

Read more

Local News