पटना पुलिस ने उत्तर प्रदेश से लाए जा रहे 2.25 लाख रुपये के जाली नोटों के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। अगमकुआं थाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई में 100 और 500 रुपये के नकली नोट बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों में राणा लव, राणा कुश, अस्मित कुमार और अशुतोष कुमार शामिल हैं।
पटना। उत्तर प्रदेश से तस्करी कर 100 और 500 रुपये के जाली नोटों को पटना में खपाया जा रहा है। इस बात का पर्दाफाश तब हुआ जब पटना पुलिस (Patna Police) की विशेष टीम ने अगमकुआं थाना क्षेत्र के टीवी टावर के पास गुप्त सूचना पर चार तस्करों को गिरफ्तार किया।
कार से सौ-सौ के जाली नोट की 20 गड्डी और 500 रुपये के नोट की 5 जाली गड्डी बरामद की गई। इस तरह पुलिस ने कुल 2 लाख 25 सौ रुपये जब्त किए है।
आरोपितों की पहचान खुसरूपुर निवासी दो सगे भाई राणा लव, राणा कुश, वैशाली के लालगंज के अस्मित कुमार और नालंदा के इस्लामपुर निवासी अशुतोष कुमार के रूप में हुई।
पूछताछ में पता चला कि बरामद जाली नोट उत्तर प्रदेश से लाए जा रहे थे, जिसे पटना के बाजार में खपाने की तैयारी थी। इसके पूर्व भी यह गिरोह दो बाद उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ और एक अन्य जिले से 50-50 हजार रुपये के जाली नोटों की तस्करी कर चुका था।
तस्करों का पॉलिटिकल कनेक्शन?
लव और कुश के पिता का राजनीतिक दल से भी जुड़े हैं। पुलिस इस बिन्दु पर भी जांच कर रही है। सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि चोरों आरोपितों से पूछताछ में अन्य कई लोगों का नाम उजागर हुआ है। यह चेन के बीच की कड़ी है। संभव है कि इसके पीछे मास्टरमाइंड कोई और है।
उन्होंने कहा कि कई अन्य नाम सामने आए हैं। इसकी सूचना आरबीआई, आर्थिक अपराध इकाई सहित अन्य जांच एजेंसी को भी दी गई है। उत्तर प्रदेश पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है। इनके मोबाइल को भी जब्त कर लिया गया है।
चारों ने पूर्व में किन लोगों तक जाली नोट पहुंचाया और इस बार इन नोटों को कहां खपाने की तैयारी थी, इसकी भी जांच की जा रही है। आरोपितों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।


