Friday, October 16, 2026

नेहरू गर्ल्स हॉकी टूर्नामेंट: झारखंड की बेटियों का शानदार प्रदर्शन, मध्य प्रदेश को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंचीं.

Share

रांची: 32वें चरणजीत राय नेहरू गर्ल्स हॉकी टूर्नामेंट के अंडर-17 मुकाबले में झारखंड की टीम ने शानदार जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। शुक्रवार, 16 अक्टूबर को दिल्ली के शिवाजी स्टेडियम में खेले गए मैच में सीएम एक्सीलेंस गर्ल्स स्कूल, सिमडेगा की टीम ने मध्य प्रदेश विमेन हॉकी अकादमी, ग्वालियर को 3-1 से हराया।

9 से 19 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में झारखंड की खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और पूरे मुकाबले में विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा।

सानिया, रेजिना और महिमा ने दागे गोल

झारखंड की ओर से सानिया तिर्की ने मैच के 21वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद रेजिना कुल्लू ने 40वें मिनट में गोल किया, जबकि महिमा कुल्लू ने 55वें मिनट में गेंद को गोलपोस्ट तक पहुंचाकर टीम की बढ़त मजबूत कर दी।

बेहतर तालमेल और प्रभावशाली प्रदर्शन के दम पर झारखंड ने मुकाबला 3-1 से अपने नाम किया। इस जीत के साथ टीम ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

रेजिना कुल्लू बनीं प्लेयर ऑफ द मैच

मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए झारखंड की रेजिना कुल्लू को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें शाहाबाद हॉकी टीम की कोच गुरमेल कौर ने फ्लैश हॉकी की ओर से सम्मानित किया।

कोच और सहयोगी दल भी टीम के साथ

टूर्नामेंट में झारखंड की टीम के साथ कोच अभिषेक साहू और आरती बड़ाईक मौजूद हैं। वहीं, एमा बारा मैनेजर और निशु डुड्डी फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में टीम को सहयोग दे रही हैं।

झारखंड की जीत पर खेल अधिकारियों ने दी बधाई

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग और राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने टीम की जीत पर खुशी जताई और खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि झारखंड की बेटियां सेमीफाइनल में भी अच्छा प्रदर्शन करेंगी और राज्य का नाम रोशन करेंगी।

सेमीफाइनल में अब झारखंड की टीम की नजर जीत के सिलसिले को जारी रखने पर होगी।

BHARATSUPERFASTNEWS

Read more

Local News