धनबाद: भारतीय जनता पार्टी के जिला महिला मोर्चा की ओर से सोमवार को “पंचायत से पार्लियामेंट तक निर्णय में नारी, नव भारत की तैयारी” थीम के साथ एक भव्य पदयात्रा का आयोजन किया गया. यह पदयात्रा जिला परिषद कार्यालय से प्रारंभ होकर रणधीर वर्मा चौक होते हुए मिश्रित भवन तक पहुंची. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार द्वारा पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रति समर्थन और आभार व्यक्त करना था.
इस अवसर पर धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो भी पदयात्रा में शामिल हुए. उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं के साथ कदम मिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया और महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को लोकतंत्र के लिए सकारात्मक बताया
महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष विभा सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को संसद में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का मार्ग प्रशस्त हुआ है, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है. उन्होंने इसे नए भारत की मजबूत नींव बताया.
वहीं सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद पहली बार किसी सरकार ने महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए इतनी बड़ी पहल की है. उन्होंने विश्वास जताया कि इस कानून के लागू होने से महिलाएं संसद में अपनी आवाज और मजबूती से रख सकेंगी. साथ ही उन्होंने सभी दलों से इस अधिनियम का समर्थन करने की अपील की.
पदयात्रा के दौरान बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही. पूरे मार्ग में नारी सशक्तिकरण के समर्थन में जोरदार नारे लगाए गए और उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला.


