लंदन: इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच जारी तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच से पहले इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड नें बड़ा फैसला लेते हुए टीम के कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन को टीम से बाहर कर दिया. बोर्ड का ये कड़ा फैसला हाल ही में हुए नाइट क्लब की घटना में दोनों खिलाड़ियों के कथित तौर पर शामिल होने की खबरों के बीच लिया है.
बेन स्टोक्स को टीम से बाहर किए जाने के बाद बोर्ड ने अनुभवी बल्लेबाज जो रूट को अंतरिम कप्तान नियुक्त किया है. न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरा टेस्ट 17 से 21 जून तक ‘द ओवल’ में खेला जाएगा.
इंग्लैंड के बोर्ड ने क्या कहा?
इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने एक बयान में कहा, ‘इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) पुष्टि करता है कि जारी जांच के मद्देनजर बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए चयन के लिए उपलब्ध नहीं माना गया है. यह मैच 17 जून से ओवल में शुरू होगा. यॉर्कशर के बल्लेबाज जो रूट टीम की अगुवाई अंतरिम कप्तान के तौर पर करेंगे.’
नाइट क्लब की घटना
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार स्टोक्स कथित तौर पर अपने साथी खिलाड़ी गस एटकिंसन के साथ एक नाइट क्लब में हुई घटना में शामिल थे. इस घटना में एक रग्बी खिलाड़ी के भी शामिल होने की बात कही जा रही है. यह घटना रविवार रात लॉर्ड्स में खेले गए पहले टेस्ट में इंग्लैंड की न्यूजीलैंड पर 115 रन की जीत के बाद हुई थी.
दोनों खिलाड़ियों टीम प्रोटोकॉल को तोड़कर लंदन के एक नाइट क्लब में थे. जहां इंग्लैंड की सुरक्षा टीम के एक सदस्य को रग्बी खिलाड़ी टोटोआ औवा ने मुक्का भी मारा. उसके बाद खिलाड़ियों की आपस में लड़ाई भी हो गई. क्रिकेट रेगुलेटर नाइट क्लब की घटना की अलग से जांच कर रहा है. इस प्रक्रिया को पूरा होने में कई हफ्ते लग सकते हैं.
जांच जारी रहने तक चयन के लिए उपलब्ध नहीं
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने पुष्टि की कि जांच जारी रहने तक कोई भी खिलाड़ी चयन के लिए उपलब्ध नहीं होगा. ECB के एक बयान में कहा गया, ‘चल रही जांच को देखते हुए, बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए चयन के लिए उपलब्ध नहीं कराया गया है.’
उपकप्तान ब्रूक कप्तान क्यों नहीं बने
हालांकि इंग्लैंड टेस्ट टीम के उपकप्तान हैरी ब्रूक हैं, लेकिन चयनकर्ताओं ने टीम की कमान संभालने के लिए रूट को चुना. क्योंकि ब्रूक खुद पिछले साल अक्टूबर में न्यूजीलैंड में मैदान के बाहर की एक घटना में शामिल थे, जब एक बाउंसर ने एक वनडे इंटरनेशनल से ठीक पहले नाइट क्लब के बाहर उन्हें मुक्का मारा था.
जोफ्रा आर्चर की टीम में वापसी
पहले टेस्ट से बाहर तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर को दूसरे टेस्ट के स्क्वाड में शामिल किया गया है. जो इंडियन प्रीमियर लीग से लौटने के बाद सीरीज का पहला मैच नहीं खेल पाए थे. इसके अलावा जॉर्डन कॉक्स को भी टीम में शामिल किया गया है.
ENG vs NZ: दूसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड का स्क्वाड
जो रूट (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ़्रा आर्चर, सोनी बेकर, शोएब बशीर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, जॉर्डन कॉक्स, बेन डकेट, मैथ्यू फिशर, एमिलियो गे, जेम्स रेव, ओली रॉबिन्सन, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), जोश टोंग.


