हत्यारे माओवादियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमों को रवाना किया गया है.
बीजापुर: माओवादियों की एक बार फिर कायराना करतूत सामने आई है. माओवादियों ने 3 ग्रामीणों की निर्मम हत्या कर दी है. माओवादियों ने इस वारदात को अंजाम बीजापुर के पेद्दा कोरमा गांव में दिया है. मृतकों की पहचान झींगु मोडियम , सोमा मोडियम और अनिल माड़वी के रूप में हुई है. इनमें से दो मृतक पूर्व नक्सली कमांडर दिनेश मोडियम के नजदीकी रिश्तेदार बताए जा रहे हैं.
तीन ग्रामीणों की हत्या के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गोवर्ना ने घटना की पुष्टि की है. बीते दिनों माओवादियों के लगाए आईईडी की चपेट में आने से एएसपी आकाश राव गिरिपुंजे शहीद हो गए थे. तीन ग्रामीणों की हत्या के बाद से इलाके में सर्चिंग अभियान को तेज कर दिया गया है. पुलिस पार्टी भी माओवादियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देने के लिए रवाना कर दी गई है.
तीन ग्रामीणों की हत्या: पेद्दा कोरम गांव में जिन तीन माओवादियों की हत्या की गई है उसकी वजह फिलहाल सामने नहीं आ पाई है. बस्तर और खासकर नक्सल प्रभावित बीजापुर में लगातार एंटी नक्सल ऑपरेशन को तेज किया जा रहा है. एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान चल रहे सर्चिंग अभियान से माओवादी बैकफुट पर हैं. माओवादी अपने पकड़े और मारे जाने के डर से इस तरह की कायराना करतूत को अंजाम दे रहे हैं.
नक्सलवाद के खात्मे की डेडलाइन: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राज्य के गृहमंत्री विजय शर्मा कह चुके हैं कि तय समय सीमा के भीतर नक्सलवाद का सफाया कर दिया जाएगा. 31 मार्च 2026 तक माओवाद के खात्मे की डेडलाइन रखी गई है. जैसे जैसे डेडलाइन नजदीक आती जा रही है माओवादियों में तेजी से घबराहट भी बढ़ती जा रही है. विजय शर्मा ने साफ कर दिया है कि मानसून के दौरान भी एंटी नक्सल ऑपरेशन जारी रहेगा. सरकार के इस फैसले से साफ है कि माओवादियों के खात्मे को तय समय सीमा के भीतर करने के लिए सरकार और फोर्स दोनों काम कर रही है.
लोन वर्राटू और पूर्ना नारकोम: माओवाद के सफाए के लिए सरकार एंटी नक्सल ऑपरेशन तो चला ही रही है. इसके साथ साथ माओवादियों के पुनर्वास और सरेंडर के लिए नई नीति भी लेकर आई है. नई सरेंडर पॉलिसी के तहत माओवादियों को हथियार डालने पर नगद राशि के साथ साथ स्किल डेवलपमेंट का कोर्स भी कराया जा रहा है. शासन की कोशिश है कि सरेंडर करने के बाद नक्सली आम लोगों की तरह रोजी रोजगार करें.
पुलिस इनफॉर्मर के शक में हुई हत्याएं
- 17.1.2025: बीजापुर में पुलिस मुखबिर होने के संदेह में नक्सलियों ने 48 साल के ग्रामीण की हत्या कर दी.
- 21.12.2024: बीजापुर में नक्सलियों ने कथित जनअदालत लगाकर एक ही परिवार के 2 लोगों की हत्या कर दी.
- 11.12.2024: बीजापुर के फरसेगढ़ पुलिस स्टेशन एरिया में 35 साल के कुडियम माडो की हत्या पुलिस इनफॉर्मर के शक में माओवादियों ने कर दी.
- 6.12.2024: बीजापुर के बासागुड़ा थाना इलाके के तिम्मापुर गांव में माओवादियों ने लक्ष्मी पदम नाम की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता की हत्या उसके परिवार के सामने कर दी.
- 8.12.2024: नक्सलियों ने मद्देड़ इलाके के लोदेड़ गांव में पुलिस मुखबिरी के शक में 40 साल के यालम सुकरा नाम की महिला की हत्या कर दी.
- 12.11.2024: माओवादियों ने बीजापुर जिले में पुलिस मुखबिर होने का आरोप लगाते हुए ग्रामीण माड़वी दुलारू की हत्या की.
- 29.10.2024: बीजापुर में पुलिस मुखबिर होने के संदेह में नक्सलियों ने 35 साल के ग्रामीण दिनेश पुजार की हत्या की.
- 23.10.2024: सुकमा में नक्सलियों ने पुलिस मुखबिर होने का आरोप लगाते हुए ग्रामीण को अगवा कर उसकी हत्या की.
- 19.10.2024: माओवादियों ने सुकमा में मरकाम अंडा नाम के ग्रामीण युवक की हत्या पुलिस इनफॉर्मर बताकर कर दी.
- 25.09.2024: सुकमा के भेज्जी थाना क्षेत्र के भंडारपदर गांव में माओवादियों ने 50 साल के ग्रामीण सोयम पांडु की हत्या पीट पीटकर कर दी.
- 12.09.2024: माओवादियों ने बीजापुर के जप्पेमरका में गांव वालों के सामने दो ग्रामीणों मर्दवी सुजा और पोडियाम कोसा को फांसी पर लटका दिया. हत्या से पहले दोनों का नक्सलियों ने अपहरण किया था.
- 28.08.2024: बीजापुर के मिरतुर पुलिस स्टेशन की सीमा के अंतर्गत पटेलपारा तिमनार गांव में ग्रामीण की हत्या कर दी गई. नक्सलियों ने 27 साल के सुदरु करम पर पुलिस का इनफॉर्मर होने का आरोप लगाया था.
- 28.08.2024: बीजापुर के भैरमगढ़ में नक्सलियों ने सीटू माड़वी की हत्या कर दी.
- 23.08.2024: बीजापुर के गंगालूर थाना इलाके के पूसनार गांव के जमींदार लांचा पुनेम की संदिग्ध हत्या नक्सलियों ने कर दी.
- 11.08.2024: कोंटा तहसील के नगरम गांव में उप सरपंच हेमला सुक्का की हत्या नक्सलियों ने कर दी.
- 11.07.2024: सुकमा में मंडोबी राजा राव नाम के युवक की हत्या नक्सलियों ने कर दी. दो ग्रामीणों को भी नक्सलियों ने जख्मी कर दिया.
- 04.07.2024: नारायणपुर के थुलथुली में ग्रामीण चैतूराम मंडावी को नक्सलियों ने अगवा कर लिया. अगवा करने के बाद पीट पीटकर उसकी हत्या कर दी गई.
- 30.06.2024: नारायणपुर में पुलिसकर्मी के भाई को पुलिस मुखबिर बताकर माओवादियों ने मौत के घाट उतार दिया.
- 07.06.2024: नक्सलियों ने 35 साल के ग्रामीण दिनेश मंडावी की हत्या कोंडागांव में गोली मारकर कर दी.
- 02.06.2024: नारायणपुर के मसपुर गांव में 45 साल के ग्रामीण शालूराम पोटाई की हत्या नक्सलियों ने घर के बाहर कर दी.
- 05.04.2024: नारायणपुर में अजीत नाम के ग्रामीण की हत्या माओवादियों ने कर दी.
- 05.04.2024: मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी थाना क्षेत्र में 35 साल के प्रेम सिंह गावड़े की हत्या माओवादियों ने कर दी.
- 01.04.2024: बीजापुर में माओवादियों ने कथित तौर पर दो ग्रामीणों का अपहरण कर उनकी हत्या कर दी, दोनों ग्रामीणों पर मुखबिर होने का आरोप लगाया.
- 25.03.2024:बीजापुर के बेसुगड़ा गांव में नक्सलियों ने तीन गांव वालों की हत्या कर दी. मारे गए ग्रामीणों के नाम चंद्रैया मोडियामी, अशोक भंडारी और करम रमेश थे.
- 08.03.2024: बीजापुर के कुटरू थाना इलाके के तेलीपेठा गांव से नक्सलियों ने ग्रामीण को अगवा कर लिया. बाद में 35 सालके हेमला पुसु की लाश बरामद हुई.
- 22.02.2024: सुकमा के चिंतागुफा पुलिस स्टेशन एरिया के दुलेड़ गांव में दो ग्रामीणों की हत्या कर दी. दोनों पर माओवादियों ने पुलिस इनफॉर्मर होने का आरोप लगाया.


