देवघर: जिला के चितोलोढ़िया स्थित ठाड़ी में बने भारतीय जनता पार्टी के भव्य कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा शामिल होंगे. इसे लेकर देवघर में लगातार बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं की बैठकों का दौर जारी है. मंगलवार को भी पूर्व मंत्री रणधीर सिंह, जिला अध्यक्ष सचिन रवानी समेत तमाम नेताओं ने पूरे कार्यालय का निरीक्षण किया.
राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह
निरीक्षण के बाद पूर्व मंत्री एवं बीजेपी नेता रणधीर सिंह ने बताया कि आगामी 5 दिसंबर की शाम राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा देवघर पहुंचेंगे और फिर 6 दिसंबर को पार्टी कार्यालय का उद्घाटन करेंगे. पूर्व मंत्री ने कहा कि संथाल क्षेत्र के देवघर में बने इस कार्यालय के बाद कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है
पार्टी कार्यालय बनने से देवघर के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ संथाल क्षेत्र के हजारों कार्यकर्ताओं को बैठक और किसी भी प्रकार की राजनीतिक कार्यक्रम के लिए जगह ढूंढने की जरूरत नहीं पड़ेगी. देवघर जिले में बने बीजेपी का भव्य कार्यालय पूरे संथाल के हजारों कार्यकर्ताओं को एक दूसरे से बांध कर रखेगा.
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
वही बीजेपी नेता अमित कुमार ने बताया कि संथाल के देवघर जिले में यह कार्यालय खुलने से पार्टी और भी मजबूत होगी. इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री के आने से पहले पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन की तरफ से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं. जिले के अधिकारी असामाजिक तत्वों पर नजर रख रहे हैं ताकि केंद्रीय मंत्री के आने के बाद किसी भी तरह के सुरक्षा में कोई चूक ना हो सके.

![]()
इसके साथ ही बीजेपी नेताओं की लगातार बैठक में संथाल क्षेत्र के हजारों कार्यकर्ताओं का आमंत्रित किया जा रहा है. क्योंकि उस दिन केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे. इसके साथ ही संथाल में पार्टी को कैसे मजबूत किया जाए? इस पर विचार विमर्श भी किया जाएगा.
नया भवन बनने से कार्यकर्ताओं में उत्साह
बता दें कि देवघर में बीजेपी के नए कार्यालय का उद्घाटन हो रहा है, जिसे लेकर पार्टी के कार्यकर्ता इस भवन के बनने से काफी खुश और उत्साहित हैं. बीजेपी नेताओं से मिली जानकारी के अनुसार, इस कार्यक्रम में झारखंड के कई पूर्व मुख्यमंत्री शामिल होंगे, जिनमें बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा एवं चंपाई सोरेन सहित कई गणमान्य नेता भी मौजूद रहेंगे.


