आदित्य धर की निर्देशित आगामी एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर द रिवेंज’, जिसे धुरंधर 2 भी कहा जा रहा है, इस साल की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक हैं. मेकर्स ने आज (7 मार्च) ही फिल्म का ट्रेलर लॉन्च किया है, जिससे धुरंधर के सीक्वल को लेकर लोगों की उत्सुकता और बढ़ गई है. रणवीर सिंह की लीड रोल वाली यह फिल्म 19 मार्च, 2026 को रिलीज होने वाली है, लेकिन 18 मार्च को पूरे देश में इसके पेड प्रीव्यू होंगे. पेड प्रीव्यू के लिए एडवांस बुकिंग पहले ही शुरू हो चुकी है. मुंबई के थिएटर में टिकट की कीमत आसमान छू रही है.
‘धुरंधर 2’ के मेकर्स ने अपने ट्रेलर के आखिर में अपडेट शेयर किया है, जिसमें यह दिखाया गया है कि फिल्म का पेड प्रीव्यू 18 मार्च को यानी ऑफिशियल रिलीज के एक दिन पहले होगा. इसे देखने के लिए फिल्म की टिकट धड़ल्ले से बिक रही है.
बुक माय शो के मुताबिक, मुंबई में धुरंधर 2 की टिकट सबसे महंगी है. इसकी कीमत 2000 रुपये है. जबकि, सबसे सस्ते टिकट की कीमत 300 रुपये है. कुछ थिएटर्स में तो पहले से ही सीटें भर चुकी हैं.
18 मार्च की एडवांस बुकिंग को देखते हुए, यह साफ हो गया है कि धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर एक शानदार शुरुआत करने जा रही है. अगर यह सिर्फ अपने पेड रिव्यूज से डबल-डिजिट अमाउंट जमा कर लेती है तो इसमें कोई हैरानी की बात नहींहोगी.
धुरंधर द रिवेंज का ट्रेलर शनिवार को रिलीज हुआ है. यह एक जबरदस्त ट्रेलर है. आदित्य धर ने ट्रेलर में रणवीर सिंह को ‘इंट्रोड्यूसिंग जसकीरत सिंह रंगी’ के तौर पर दिखाया है. वहीं सारा अर्जुन का किरदार हाथ में बंदूक लिए दिखाई दी हैं. ट्रेलर में संजय दत्त को काफी दिखाया गया है, जिससे यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह फिल्म में अहम किरदार निभाएंगे.
धुरंधर हिंदी में रिलीज हुई थी, लेकिन धुरंधर 2 पैन इंडिया लेवल पर रिलीज होगी. इसे दुनियाभर के सिनेमाघरों में हिंदी के साथ-साथ तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम में भी रिलीज किया जाएगा.
बॉक्स ऑफिस पर रणवीर सिंह की एक्शन थ्रिलर को ‘उस्ताद भगत सिंह’ से कड़ी टक्कर मिलेगी. फिल्म के क्रेज को देखते हुए यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि फिल्म लगभग 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की ओपनिंग करेगी.


