धनबाद: जिले के स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए, सदर अस्पताल में मदर न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एमएनसीयू) का शुभारंभ किया गया. डीसी आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार, डीडीसी आयुक्त सन्नी राज और एसडीएम लोकेश बारंगे ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इस अत्याधुनिक सुविधा का उद्घाटन किया.
इस मौके पर डीसी आदित्य रंजन ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिलें. उन्होंने भरोसा जताया कि अब गरीब मरीज भी पूरे विश्वास के साथ सदर अस्पताल में अपना इलाज करा सकेंगे. उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले समय में सदर अस्पताल को सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के रूप में विकसित करने की योजना है.
नवस्थापित एमएनसीयू के साथ अस्पताल में पेडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (पीआईसीयू), वैक्सीनेशन सेंटर, नर्सिंग स्टेशन, भोजन कक्ष, किचन गार्डन, आयुष्मान काउंटर और पावर बैकअप जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं. इन सुविधाओं के शुरू होने से गंभीर रूप से बीमार बच्चों और नवजातों को अब जिले में ही बेहतर इलाज मिल सकेगा और उन्हें बाहर रेफर करने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा ने बताया कि एमएनसीयू में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम अलग-अलग शिफ्ट में तैनात रहेगी, जिससे 24 घंटे बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जा सकेगा.
उद्घाटन से पहले अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया. इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे. इस नई सुविधा के शुरू होने से धनबाद के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती मिलने के साथ ही नवजात और बच्चों के इलाज में एक नई उम्मीद जगी है


