Saturday, August 8, 2026

धनबाद में SIR को लेकर विशेष कैंप शुरू, डीसी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण.

Share

धनबाद: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर धनबाद जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 8 और 9 अगस्त को विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में मतदाताओं से नाम, पता और अन्य विवरण से जुड़ी आपत्तियां एवं दावे लिए जा रहे हैं। शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को कैंप में आने वाले मतदाताओं की सुविधाओं का ध्यान रखने और प्राप्त दावों-आपत्तियों का निर्धारित प्रक्रिया के तहत निपटारा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

अगस्त में दो चरणों में लगेंगे विशेष कैंप

प्रशासन के अनुसार SIR के तहत जिले में दो चरणों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। पहला कैंप 8-9 अगस्त को आयोजित किया जा रहा है, जबकि दूसरा विशेष कैंप 22-23 अगस्त को होगा। मतदाता 4 सितंबर 2026 तक दावा या आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।

नए मतदाताओं को नाम जोड़ने का मौका

उपायुक्त ने बताया कि जिन युवाओं की उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है या जो 1 अक्टूबर 2026 तक 18 साल के हो जाएंगे, वे मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 और निर्धारित घोषणा पत्र जमा कर सकते हैं।

वहीं, यदि किसी मतदाता का मतदान केंद्र घर से काफी दूर है या एक ही परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग बूथों पर दर्ज हैं, तो सुधार अथवा स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। प्रशासन का उद्देश्य पात्र परिवार के सदस्यों को यथासंभव एक ही मतदान केंद्र से जोड़ना भी है।

ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन

मतदाताओं से अपने नाम और दर्ज विवरण की जांच करने की अपील की गई है। ऑनलाइन आवेदन और सुधार के लिए ECINET App के अलावा निर्वाचन आयोग के संबंधित पोर्टल का इस्तेमाल किया जा सकता है। सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर 18003311950 और वोटर हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

15 अगस्त को पंचायत भवनों में ग्राम सभा

प्रशासन के मुताबिक 15 अगस्त को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक जिले के सभी पंचायत भवनों में ग्राम सभा आयोजित होगी। इसके बाद 25 अगस्त से 4 सितंबर तक मतदान केंद्र क्षेत्रों में घर-घर मतदाता सूची सत्यापन अभियान चलाया जाएगा।

इस दौरान नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, नाम स्थानांतरित करने और परिवार के सदस्यों को एक ही मतदान केंद्र से जोड़ने के लिए आवश्यक प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित कैंप में पहुंचकर मतदाता सूची में अपने विवरण की जांच करें और जरूरत होने पर समय सीमा के भीतर आवेदन करें।

Read more

Local News