Friday, June 19, 2026

धनबाद में 26वीं यूथ झारखंड राज्य बास्केटबॉल प्रतियोगिता की शुरुआत हुई.

Share

धनबादः 26वीं यूथ झारखंड राज्य बास्केटबॉल प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ के.के. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स, नीरो (गोविंदपुर) में उत्साहपूर्ण माहौल में समारोह का आयोजन हुआ. इसका आयोजन झारखंड बास्केटबॉल संघ (JBA) के तत्वावधान में तथा धनबाद जिला बास्केटबॉल संघ (DDBA) के सौजन्य से किया जा रहा है.

इस कार्यक्रम की शुरुआत राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे बालक एवं बालिका खिलाड़ियों के आकर्षक मार्च पास्ट से हुई. इसके बाद मुख्य अतिथि जमशेदपुर पूर्व के विधायक सरयू राय सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया.

26th Jharkhand State Youth Basketball Championship started in Dhanbad

धनबाद जिला बास्केटबॉल संघ की अध्यक्ष डॉ. साधना कुमारी ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया. अपने संबोधन में उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन और समर्पण के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान करते हुए कहा कि खेल व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम है.

झारखंड बास्केटबॉल संघ के सचिव एवं अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल कोच जे.पी. सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करती हैं. उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और अनुशासन के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहने की प्रेरणा दी.

मुख्य अतिथि सरयू राय ने कहा कि झारखंड खेल प्रतिभाओं से समृद्ध प्रदेश है और यहां के खिलाड़ियों में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की अपार क्षमता है. उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रतियोगिता से भविष्य के ऐसे खिलाड़ी निकलेंगे जो भारतीय बास्केटबॉल टीम का प्रतिनिधित्व कर देश का गौरव बढ़ाएंगे. साथ ही उन्होंने खेलों को युवाओं के शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास का महत्वपूर्ण आधार बताया.

26th Jharkhand State Youth Basketball Championship started in Dhanbad

इस समारोह के दौरान स्कूल के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में आकर्षण का संचार किया. उनकी मनमोहक प्रस्तुति को दर्शकों एवं अतिथियों ने खूब सराहा.

पहले दिन के मुकाबलों के परिणाम

बालक वर्ग – पश्चिमी सिंहभूम ने हजारीबाग को 38-22 से हराया.

टाटा स्टील ने रामगढ़ को 29-10 से पराजित किया.

रांची ने छोटानागपुर को 44-12 के बड़े अंतर से शिकस्त दी.

बालिका वर्ग – बोकारो ने रोमांचक मुकाबले में सरायकेला को 24-20 से मात दी.

इस प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से आए लगभग 400 बालक एवं बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं. आगामी दिनों में लीग एवं नॉकआउट चरण के मुकाबलों के जरिए राज्य की सर्वश्रेष्ठ टीमों का चयन किया जाएगा.

Read more

Local News