धनबाद: सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव ने शुक्रवार को पाथरडीह थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। थाना परिसर पहुंचने पर पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद उन्होंने थाना भवन के विभिन्न हिस्सों और कार्यालयों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सिटी एसपी ने हाजत, सरिस्ता कक्ष, मालखाना और अतिथि कक्ष समेत अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने थाने में रखे सरकारी अभिलेखों और विभिन्न कांडों से संबंधित फाइलों की भी जांच की।
पुराने मामलों के जल्द निपटारे का निर्देश
सिटी एसपी ने वार्षिक अपराध से जुड़े मामलों की स्थिति की समीक्षा की और जांच अधिकारियों से लंबित कांडों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अनुसंधान में अनावश्यक देरी पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का जल्द निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत पुराने मामलों की जांच समय पर पूरी होनी चाहिए, जिससे शिकायतकर्ताओं को न्याय मिलने में अनावश्यक विलंब न हो।
रात्रि गश्ती बढ़ाने पर जोर
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सिटी एसपी ने थाना क्षेत्र में नियमित निगरानी बनाए रखने के साथ रात्रि गश्ती को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों से क्षेत्र में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखने और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में तत्परता के साथ कार्रवाई करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान थाना के रिकॉर्ड, सुरक्षा व्यवस्था और लंबित मामलों की प्रगति की समीक्षा के साथ पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्यप्रणाली बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
