धनबाद: महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष रमा खलखो सोमवार को धनबाद पहुंची. इस दौरान उन्होंने परिषद भवन में जिला महिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में हिस्सा लिया. बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर चर्चा की गई. कार्यक्रम में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीता राणा ने उन्हें पुष्पगुच्छ और माला पहनाकर सम्मानित किया.
जमीनी स्तर पर संगठन मजबूत करने का आह्वान
बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष रमा खलखो ने महिला कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं को राजनीतिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है. गांव से लेकर शहर तक अधिक से अधिक महिलाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए अभियान चलाया जाएगा. उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से संगठन और मजबूत होगा और समाज के मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाया जा सकेगा.
केंद्र सरकार जनता को कर रही है भ्रमित
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि संथाल परगना दौरे के बाद वह धनबाद पहुंची है और यहां महिला कांग्रेस की वर्तमान स्थिति को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई है. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सुझावों के आधार पर संगठन विस्तार की नई रणनीति तैयार की जाएगी. वहीं भाजपा और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए रमा खलखो ने कहा कि केंद्र सरकार जनता को भ्रमित करने का काम कर रही है.
2023 महिला आरक्षण कानून लागू करे सरकार
उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन विधेयक 2023 में पारित होने के बावजूद अब तक लागू नहीं हो सका है. इससे महिलाओं को उनका अधिकार और राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है. उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और अधिकार की बात करने वाली सरकार को अब इसे जमीन पर भी लागू करना चाहिए.


