धनबादः शहर में नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है. धनबाद की पहली मेयर इंदु सिंह ने शुक्रवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. इस बार भी उन्होंने महापौर पद के लिए पर्चा दाखिल किया है. शुक्रवार को जिला समाहरणालय पहुंचकर निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता विनोद कुमार, सहायक निर्वाची पदाधिकारी बाल किशोर महतो और विशाल कुमार पांडे के समक्ष नामांकन किया.
नामांकन के मौके पर इंदु सिंह के साथ उनकी बहू एवं राष्ट्रीय जनता कामगार यूनियन की महामंत्री आशनी सिंह भी उपस्थित रहीं. इससे पहले इंदु सिंह सैकड़ों समर्थकों के साथ भव्य रोड शो करते हुए समाहरणालय पहुंचीं. इस रोड शो के दौरान समर्थकों का उत्साह देखते ही बन रहा था और पूरा इलाका चुनावी नारों से गूंज उठा
मीडिया से बातचीत के दौरान बहू आशनी सिंह ने कहा कि इंदु सिंह धनबाद की पहली मेयर रही हैं और वर्ष 2010 से 2015 तक अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने शहर के विकास को नई दिशा दी. उन्होंने बताया कि इंदु सिंह के कार्यकाल में शहर के सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर दिया गया. चौक-चौराहों पर सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण कराया गया और आम लोगों की सुविधा के लिए सिटी बस सेवा की शुरुआत भी उसी समय हुई.
आशनी सिंह ने आगे कहा कि इंदु सिंह के कार्यकाल में पूरे शहर में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था को मजबूत किया गया. जिससे रात के समय शहर की रौनक और सुरक्षा दोनों में इजाफा हुआ. उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2010 की तरह इस बार भी धनबाद की जनता इंदु सिंह को एक बार फिर मेयर के रूप में देखना चाहती है. उन्होंने भरोसा जताया कि जनता का रुझान साफ है और आने वाले नगर निगम चुनाव में इंदु सिंह की जीत तय है. नामांकन के बाद समर्थकों ने जमकर नारेबाजी कर अपना समर्थन जताया, जिससे समाहरणालय परिसर पूरी तरह चुनावी रंग में नजर आया.


