लंदन में गुरुवार 12 मार्च को द हंड्रेड 2026 के ऑक्शन का टेबल सजा. जिस पर सबकी नजर इस बात पर टिकी हुई थी की लीग की चार टीमों के भारतीय ऑनर किस खिलाड़ी को खरीदते हैं. खासकर ये कि क्या वो पाकिस्तानी खिलाड़ियों को खरीदने में दिलचस्पी रखते हैं या नहीं.
इस बीच सनराइजर्स लीड्स ने ऑक्शन में पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर अबरार अहमद को £190,000 (लगभग 2.34 करोड़ रुपये) में खरीद लिया. सनराइजर्स लीड्स के मालिक सन ग्रुप हैं, जो एक भारतीय ग्रुप है और इसी ग्रुप ने आईपीएल में एक टीम सनराइजर्स हैदराबाद के नाम से ले रखी है. जिसकी मालिक काव्या मारन हैं.
ऑक्शन के समय काव्या मारन, टीम के हेड कोच डेनियल विटोरी के साथ ऑक्शन टेबल पर थीं. सनराइजर्स लीड्स को इंग्लैंड की टी20 टीम के कैप्टन हैरी ब्रूक लीड करेंगे. इससे पहले, पाकिस्तान के उस्मान तारिक को बर्मिंघम फीनिक्स ने £140,000 में खरीदा था.
अबरार अहमद का टी20 करियर
अबरार अहमद ने 2024 में टी20 में डेब्यू किया. तबसे उन्होंने 38 मैचों में 52 विकेट लिए हैं, जिसमें 17.36 का शानदार एवरेज और 6.67 का शानदार इकॉनमी रेट रहा है. उन्होंने पिछले महीने टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के निराशाजनक कैंपेन के दौरान चार मैचों में छह विकेट भी लिए थे.
द हंड्रेड ऑक्शन में कितने पाकिस्तानी प्लेयर्स?
द हंड्रेड 2026 ऑक्शन के लिए 14 पाकिस्तानी प्लेयर्स को शॉर्टलिस्ट किया गया था. ऑक्शन से एक दिन पहले शाहीन अफरीदी ने नाम वापस ले लिया, लेकिन 13 प्लेयर्स की बोली लगनी तय थी.
द हंड्रेड की चार टीमें के मालिक भारतीय
बता दें कि द हंड्रेड की आठ फ्रेंचाइजी में से चार टीमें के मालिक भारतीय हैं. और उनकी आईपीएल में भी टीमें हैं. जिसमें सनराइजर्स लीड्स (सनराइजर्स हैदराबाद), एमआई लंदन (मुंबई इंडियंस), मैनचेस्टर सुपर जायंट्स (लखनऊ सुपर जायंट्स), और सदर्न ब्रेव (दिल्ली कैपिटल्स) के नाम शामिल हैं.
जिसके बाद से मीडिया में ये रिपोर्ट किया जाने लगा था कि ये चार टीमें पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर बोली नहीं लगाएंगी. क्योंकि वो भारतीय है और पाकिस्तानी खिलाड़ी 2008 के मुंबई हमलों के बाद से IPL से बैन है. लेकिन सनराइजर्स लीड्स पाकिस्तानी खिलाड़ी को खरीद कर उस मीडिया रिपोर्ट्स के दावों को गलत साबित कर दिया है.


