बिहार में पछुआ हवाओं और कोहरे के कारण कनकनी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए 11 जिलों, जिनमें पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, भभुआ, रोहतास, अरवल और औरंगाबाद शामिल हैं, में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है, जिससे ठंड का असर और बढ़ेगा।
पटना। राज्य में कोहरे के साथ पछुआ के कारण कनकनी का प्रभाव बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार बर्फीली हवा के कारण दिन और रात कनकनी का प्रभाव बने रहने की संभावना है।
अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के उत्तरी एवं दक्षिणी भागों के 11 जिलों के पूर्वी व पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, भभुआ, रोहतास, अरवल एवं औरंगाबाद में घना कोहरा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
दो से तीन डिग्री की गिरावट के आसार
पछुआ की गति 30-40 किमी प्रति घंटा रहने के आसार है। दो दिनों के दौरान रात का तापमान 10-15 डिग्री सेल्सियस के बीच एवं दिन का तापमान 22-28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार है। दो से तीन दिनों के दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट के आसार है।
तापमान में गिरावट आने के साथ कनकनी का असर बना रहेगा। बुधवार को भागलपुर के सबौर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस एवं पटना का न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सौ मीटर के साथ गयाजी में दृश्यता दर्ज की गई।
सुबह-शाम हल्की ठंड का प्रभाव
राजधानी का अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस एवं 27.5 डिग्री सेल्सियस के साथ मोतिहारी में सर्वाधिक तापमान दर्ज किया गया। पटना सहित आसपास इलाकों में पछुआ की गति में वृद्धि होने के साथ सुबह-शाम हल्की ठंड का प्रभाव बना रहा।
प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
| शहर | अधिकतम (°C) | न्यूनतम (°C) |
|---|---|---|
| पटना | 24.8 | 14.4 |
| गयाजी | 26.0 | 12.0 |
| भागलपुर | 25.9 | 14.2 |
| मुजफ्फरपुर | 24.4 | 13.6 |


