देवघर: तीन दिवसीय बैद्यनाथ महोत्सव की शुरुआत होते ही पूरा शहर जगमगा उठा है. जिले के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, उपविकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, देवघर के नवनिर्वाचित महापौर ने संयुक्त रूप से महोत्सव का उद्घाटन किया.
उद्घाटन समारोह में आए लोगों को संबोधित करते हुए जिले के उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा कि देवघर भारत के द्वादश ज्योतिर्लिंग में से एक है. यह सिर्फ एक नगर ही नहीं बल्कि देवघर आस्था अध्यात्म और संस्कृति का केंद्र है.

इसीलिए राजकीय बैद्यनाथ महोत्सव झारखंड की परंपराओं और यहां की संस्कृति को दर्शाने का प्रयास करता है. इस कार्यक्रम से हम झारखंड और देवघर की पौराणिक परंपरा, आदिवासी संस्कृति, जंगल पहाड़ और जल के बारे में लोगों से जानकारी साझा करते हैं साथ ही कार्यक्रमों के माध्यम से झारखंड के जल जंगल और पहाड़ के संरक्षण का संदेश भी देते हैं.
कार्यक्रम में पहुंचे मेयर रवि राउत ने कहा कि बैद्यनाथ महोत्सव कई वर्षों से होता आ रहा है, वो अपने बचपन से इस कार्यक्रम को देखते हुए बड़े हुए हैं. आज उन्हें इस कार्यक्रम का उद्घाटन करने का मौका मिला. जिसके लिए वो अपने आप को सौभाग्यशाली समझते हैं.
वहीं जिले के एसपी, डीसी, डीडीसी सहित तमाम अधिकारी पारंपरिक वस्त्र पहनकर कार्यक्रम का आनंद लेते दिखे. झारखंड के जंगलों में मिलने वाले सखुआ के पत्ते से बने टोपी पहने दिखे. तीन दिनों के इस कार्यक्रम में लोक गायक, स्थानीय कलाकार, बॉलीवुड सिंगर भी अपना कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे और लोगों को आनंदित करेंगे.
बता दें कि हर साल देवघर में बैद्यनाथ महोत्सव मनाया जाता है. जिसमें राज्य सरकार अपनी पूरी भूमिका निभाती है एवं जिला प्रशासन के तरफ से इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भव्य तैयारियां भी की जाती हैं.
इस वर्ष भी बैद्यनाथ महोत्सव को भव्य बनाने के लिए जिला प्रशासन की तरफ से कई थ्री डी शो और लेजर लाइट शो के भी इंतजाम किए गए हैं, जो देर रात लोगों को काफी आकर्षित करेंगे.


