Sunday, March 15, 2026

देवघर में केंद्रीय टीम ने ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया.

Share

देवघर: जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था की वास्तविक तस्वीर जानने के लिए भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की एक केंद्रीय जांच टीम सोमवार को जिले पहुंची. टीम लगातार ग्रामीण अस्पतालों का निरीक्षण कर रही है. मंगलवार को भी टीम ने जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों का दौरा किया. सारवां प्रखंड के कुशमाहा गांव स्थित सब हेल्थ सेंटर (SHC) में पहुंचकर टीम ने गहन जांच की और वहां मौजूद कमियों के संबंध में पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

केंद्रीय टीम नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (NQAS) के तहत असेसमेंट कर रही है. टीम के सदस्य राष्ट्रीय मानकों के आधार पर अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं की जांच कर रहे हैं. जिले के सिविल सर्जन डॉ. बच्चा सिंह ने बताया कि टीम सब हेल्थ सेंटर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर रही है. जांच में दवाओं की उपलब्धता, जांच सुविधाओं की व्यवस्था, सफाई, मरीजों के रिकॉर्ड रखने की प्रक्रिया, चिकित्सकों एवं पैरा-मेडिकल स्टाफ की संख्या सहित विभिन्न बिंदुओं पर मूल्यांकन किया जा रहा है.

जिन स्वास्थ्य केंद्रों में ये सभी व्यवस्थाएं व्यापक रूप से मौजूद होंगी, उन्हें NQAS के तहत चयनित किया जाएगा. केंद्रीय टीम की रिपोर्ट के आधार पर ऐसे केंद्रों को अवार्ड भी प्रदान किया जाएगा.

अस्पताल प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार, टीम द्वारा अब तक निरीक्षण किए गए आधे से अधिक स्वास्थ्य केंद्रों में कई बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं. कुछ केंद्रों में व्यवस्थाएं अच्छी हैं, लेकिन वहां डॉक्टरों और पैरा-मेडिकल स्टाफ की कमी एक बड़ी समस्या बनी हुई है.

अब देखना यह है कि NQAS के अंतर्गत जांच करने पहुंची केंद्रीय टीम देवघर जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था पर क्या रिपोर्ट प्रस्तुत करती है. जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा अब तक क्या इंतजाम किए गए हैं और आम लोगों को सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं से कितना लाभ मिल रहा है, यह रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो पाएगा.

Read more

Local News