रांची: झारखंड में खनिजों पर लगने वाली लेवी के कारण उत्पादन लागत बढ़ने और राज्य के खनिज दूसरे राज्यों की तुलना में महंगे होने का मुद्दा सातवें आईसीसी माइनिंग समिट में उठा। शुक्रवार को रांची के होटल चाणक्य बीएनआर में आयोजित इस सम्मेलन में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, विशेषज्ञों और विभिन्न संस्थानों के अधिकारियों ने खनन क्षेत्र में निवेश, कारोबार को आसान बनाने और खनिज प्रशासन में सुधार पर चर्चा की।
इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स (आईसीसी) की झारखंड स्टेट काउंसिल की ओर से आयोजित समिट में राज्य के खनन क्षेत्र की संभावनाओं, मौजूदा चुनौतियों और भविष्य की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श हुआ।
‘खनिजों पर लगने वाली लेवी पर हो पुनर्विचार’
हिंडालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड के प्रेसिडेंट (माइंस) बिजेश झा ने अपने विशेष संबोधन में खनिजों पर लगने वाली लेवी की समीक्षा करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि विभिन्न लेवी के कारण खनिजों की लागत बढ़ जाती है। इसका असर प्रतिस्पर्धा पर पड़ता है और झारखंड के खनिज दूसरे राज्यों के मुकाबले महंगे हो जाते हैं।
‘झारखंड माइनिंग विजन 2030’ का विमोचन
समिट के दौरान शोध प्रकाशन ‘झारखंड माइनिंग विजन 2030’ का लोकार्पण किया गया। नवंबर 2026 में प्रकाशित इस अध्ययन की थीम ‘कैटेलिस्ट्स फॉर एनहांसिंग ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, इन्वेस्टमेंट अट्रैक्शन एंड मिनरल गवर्नेंस’ रखी गई है।
इस शोध में खनन क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने, व्यावसायिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने और खनिज प्रशासन को बेहतर बनाने के उपायों पर चर्चा की गई है।
कार्यक्रम की शुरुआत आईसीसी झारखंड स्टेट काउंसिल के चेयरमैन डॉ. अमृतांशु प्रसाद के स्वागत भाषण से हुई। मेकॉन के डायरेक्टर (टेक्निकल) और आईसीसी की माइंस एंड मेटल कमेटी के चेयरमैन अमित राज ने समिट की थीम पर विचार रखे। मेकॉन के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक संजय कुमार वर्मा ने भी संबोधित किया। वी-कैप मनी के संस्थापक एवं सीईओ तथा आईसीसी के वाइस चेयरमैन (फाइनेंस, टैक्सेशन एंड इकोनॉमिक अफेयर्स) विकास आर सहाय ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
महत्वपूर्ण खनिजों में आत्मनिर्भरता पर चर्चा
सम्मेलन में तीन तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। पहले सत्र में महत्वपूर्ण खनिजों के मामले में भारत को आत्मनिर्भर बनाने और इससे जुड़े नीतिगत सुधारों पर चर्चा हुई। खनिजों की खोज से लेकर उत्खनन, प्रसंस्करण और उनके मूल्य संवर्धन तक की प्रक्रिया में आने वाली चुनौतियों पर भी विचार साझा किए गए।
दूसरे सत्र का केंद्र खनन क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और ऑटोमेशन का बढ़ता इस्तेमाल रहा। वहीं, तीसरे सत्र में पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए खनिज उत्पादन बढ़ाने के तरीकों पर विशेषज्ञों ने अपनी राय रखी।
