देवघर: राजकीय श्रावणी मेला 2026 की दूसरी सोमवारी को बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने सोमवार तड़के नंदन पहाड़ से बाबा बैद्यनाथ मंदिर तक कांवरिया पथ और रूटलाइन का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने श्रद्धालुओं की आवाजाही, कतार व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और विभिन्न नागरिक सुविधाओं की स्थिति देखी। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांवरियों को किसी तरह की परेशानी न हो और भीड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर दिए विशेष निर्देश
उपायुक्त ने रास्ते में बनाए गए सूचना एवं सहायता केंद्र, स्वास्थ्य शिविर, मातृत्व विश्राम गृह, पुलिस ओपी, ट्रैफिक ओपी, पर्यटन केंद्र और विद्युत केंद्र का भी निरीक्षण किया। स्वास्थ्य शिविरों में आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ एंबुलेंस को 24 घंटे तैयार रखने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में तैनात सभी कर्मी श्रद्धालुओं की सहायता सेवा भाव और धैर्य के साथ करें। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस और प्रशासनिक टीम को लगातार निगरानी बनाए रखने को कहा गया है।
जाम रोकने के लिए पार्किंग व्यवस्था पर जोर
श्रावणी मेले में वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उपायुक्त ने निर्धारित पार्किंग स्थलों को व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया। उन्होंने सड़कों पर अनधिकृत पार्किंग रोकने को कहा, ताकि कांवरियों की आवाजाही प्रभावित न हो और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
रूटलाइन के विभिन्न होल्डिंग प्वाइंट्स पर पेयजल, बिजली, मिस्ट कूलिंग और चिकित्सा सुविधाएं लगातार उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा क्यू कॉम्प्लेक्स को श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुसार व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार समेत प्रशासन और पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन का फोकस दूसरी सोमवारी के दौरान बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित करने पर है। कांवरिया पथ से लेकर बाबा बैद्यनाथ मंदिर तक आवश्यक सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।
