Thursday, October 1, 2026

दुर्गापूजा से छठ तक रांची रेल मंडल की बड़ी तैयारी, 7 रूटों पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें.

Share

रांची: दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रांची रेल मंडल ने विशेष इंतजाम किए हैं। त्योहारों में घर लौटने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए 7 प्रमुख रूटों पर स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा। वहीं, रांची और हटिया स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रित करने के लिए प्लेटफॉर्म टिकट की कीमत अस्थायी रूप से बढ़ाई गई है।

दिल्ली, अजमेर से मुंबई और बेंगलुरु तक स्पेशल ट्रेनें

रेल मंडल की ओर से त्योहारों के दौरान अलग-अलग रूटों पर विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई है। इनमें रांची–आनंद विहार स्पेशल 3 अक्टूबर से और रांची–अजमेर पूजा स्पेशल 2 अक्टूबर से शुरू होगी।

दक्षिण भारत की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए हटिया–लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई) स्पेशल 12 अक्टूबर से तथा हटिया–सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल (बेंगलुरु) स्पेशल 14 अक्टूबर से चलेगी। इसके अलावा अलीपुरद्वार, सांतरागाछी और पटना–चर्लपल्ली रूट पर भी विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।

हटिया-बानो अनारक्षित स्पेशल 30 नवंबर तक

स्थानीय यात्रियों के लिए हटिया–बानो अनारक्षित स्पेशल ट्रेन का परिचालन 30 नवंबर तक प्रतिदिन जारी रहेगा। त्योहारों के दौरान नियमित ट्रेनों में बढ़ती मांग को देखते हुए रांची-गोड्डा, रांची-चोपन, रांची-सासाराम और रांची-आरा एक्सप्रेस में अतिरिक्त कोच भी जोड़े गए हैं।

प्लेटफॉर्म टिकट अब 20 रुपये

स्टेशनों पर अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रांची और हटिया स्टेशन पर प्लेटफॉर्म टिकट 10 रुपये से बढ़ाकर 20 रुपये कर दिया गया है। यह नई दर 10 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक लागू रहेगी।

मुंबई और बेंगलुरु स्पेशल के छोटे स्टेशनों पर ठहराव

यात्रियों की सुविधा और हटिया स्टेशन पर दबाव कम करने के लिए दक्षिण भारत जाने वाली मुंबई और बेंगलुरु स्पेशल ट्रेनों को बलसिरिंग, गोविंदपुर रोड और बानो जैसे स्टेशनों पर भी ठहराव दिया गया है।

वहीं, यात्रियों की सुविधा के लिए 10 अक्टूबर यानी महालया से रांची स्टेशन का दक्षिणी प्रवेश द्वार आंशिक रूप से खोला जाएगा। जरूरत के अनुसार प्लेटफॉर्म नंबर 6 से भी ट्रेनों का संचालन किया जा सकेगा।

भीड़ प्रबंधन के लिए बनेगा होल्डिंग एरिया

त्योहारों के दौरान अत्यधिक भीड़ वाले दिनों में यात्रियों को सीधे प्लेटफॉर्म पर जाने के बजाय निर्धारित होल्डिंग एरिया में रखा जाएगा। यहां यात्रियों के बैठने, पेयजल, रोशनी और ट्रेन से संबंधित सूचना की व्यवस्था रहेगी।

ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर आने के बाद यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से प्लेटफॉर्म की ओर भेजा जाएगा, जिससे स्टेशन परिसर में भीड़ का दबाव कम किया जा सके।

24 घंटे सक्रिय रहेगा वॉर रूम

त्योहारों के दौरान ट्रेनों और स्टेशनों की व्यवस्था पर नजर रखने के लिए 24×7 वॉर रूम बनाया गया है। यात्री किसी भी सहायता या जानकारी के लिए 9835921955 पर संपर्क कर सकते हैं।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत आरपीएफ और जीआरपी के अतिरिक्त जवानों की तैनाती की जाएगी। स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी लगातार निगरानी रखी जाएगी।

BHARATSUPRFASTNEWS

Read more

Local News