Thursday, March 19, 2026

दुमका में 2 फरवरी को जेएमएम 47वां स्थापना दिवस मनाएगा.

Share

दुमका: झारखंड की उपराजधानी दुमका में जेएमएम का 47वां स्थापना दिवस समारोह की तैयारी पूरी कर ली है. दुमका से जेएमएम विधायक बसंत सोरेन ने कहा यूजीसी, एसआईआर और केंद्र सरकार के पास बकाया एक लाख 36 हजार करोड़ की मांग कार्यक्रम का मुख्य मुद्दा होगा. जेएमएम स्थापना दिवस का कार्यक्रम 2 फरवरी को आयोजित किया जाएगा.

विधायक बसंत सोरेन ने कहा कि इस बार भी 2 फरवरी को दुमका के गांधी मैदान में आयोजित जेएमएम स्थापना दिवस ऐतिहासिक होगा. दुमका के खिजुरिया गांव स्थित शिबू सोरेन के आवास पर दुमका के सांसद नलिन सोरेन, जामा विधायक लुईस मरांडी, शिकारीपाड़ा विधायक आलोक सोरेन की भी मौजूदगी रही. बसंत सोरेन ने कहा कि संथाल परगना के प्रमंडलीय मुख्यालय दुमका में झामुमो के बैनर तले दो फरवरी स्थापना दिवस मनाया जाएगा. जिसमें पार्टी के शीर्ष नेताओं की उपस्थिति होगी.

सरकार की नीतियों के बारे में लोगों को बताया जाएगा: बसंत सोरेन

विधायक बसंत सोरेन ने कहा कि कार्यक्रम में प्रमंडल के सुदूर इलाकों से भारी तादाद में आदिवासी और मूलवासी उपस्थित होंगे. जिसे केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों के प्रति जागरूक करने की परंपरा रही है. यहां से कार्यकर्ताओं और आमजनों को पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों की जानकारी दी जाती है. उन्होंने कहा कि इस समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद होंगे. बसंत सोरेन ने कहा कि केंद्र सरकार ने जो राज्य का बकाया रखा है, उसका भुगतान शीघ्र करें और अगर ऐसा नहीं होता है तो झामुमो सख्त कदम उठाएगी.

शिबू सोरेन को मिले भारत रत्न- बसंत सोरेन

बसंत सोरेन ने दावा किया कि हेमंत सरकार राज्य के बेरोजगार नौजवानों को रोजगार से जोड़ने के साथ अपने वादों को धरातल पर उतारने का प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार झामुमो के संस्थापक दिशोम गुरू शिबू सोरेन के सपनों के अनुरूप हर हाथ को काम, हर खेत को पानी पहुंचाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है. उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा हाल में दिशोम गुरू शिबू सोरेन को पद्म भूषण से सम्मानित करने की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि दिवंगत दिशोम गुरू जन-जन के नेता थे. इसलिए जनभावनाओं के अनुरूप दिशोम गुरू भारत रत्न के हकदार हैं.

Read more

Local News