
दुमका: साइबर ठगी लोगों को अपना शिकार बनाने के लिए रोज नए-नए हथकंडे अपनाते हैं. इस बार साइबर अपराधियों ने जियो कंपनी के ऑफर का लालच देकर छात्रा सुनीता हांसदा से 22 हजार रुपए ठग लिया है. छात्रा ने कार, 1.85 लाख रुपए और एक एलसीडी की लालच में सारा पैसा अपराधियों को भेज दिया है. ऑफर प्राप्त नहीं होने पर छात्रा ने मंगलवार को नगर थाना में इसकी शिकायत करते हुए पैसा वापस दिलाने की गुहार लगाई.
गोड्डा की रहने वाली है पीड़िता
झारखंड के गोड्डा जिला स्थित हटिया मोड़ की रहने वाली सुनीता हांसदा बीए की पढ़ाई दुमका में कर रही है. छात्रा ने थाना प्रभारी नंद किशोर प्रसाद को आवेदन देकर बताया कि इस माह के सात फरवरी को उसके मोबाइल पर फोन आया था. कॉल करने वाले व्यक्ति ने बताया कि उसकी मां के नाम पर जियो कंपनी से एक ऑफर आया है. जिसमें एक कार, 1 लाख 85 हजार रुपए और एक एलसीडी दिया जाना है. छात्रा से साइबर ठगी ने कहा कि सारा सामान आ गया है, आपको लेना होगा. इससे पहले आपको मेरा मोबाइल में रिचार्ज करना होगा.
छात्रा ने कहा कि रिचार्ज के बाद उसने फिर 8600 की मांग की और कहा इसके बाद ही समान मिलेगा. जिसके बाद लड़की ने वो पैसा भी भेज दिया है. इसके बाद फिर ठगी ने फोन कर और 17 हजार रुपए की मांग की. जब छात्रा को शक हुआ तो उनसे परिचय मांगा. जिसके बाद ठगी ने अपना आधार कार्ड और पैन कार्ड भेजा. छात्रा ने उसकी बातों में आकर धीरे-धीरे कुल 22 हजार रुपए भेज दिए. इसके बाद भी सामान नहीं भेजा तो छात्रा अपने पैसों की मांग करने लगी. पैसा वापस करने के नाम पर ठगी ने और दो हजार की मांग की. छात्रा ने बताया कि सारा पैसा भेजने के बाद महसूस हुआ कि वह ठगी का शिकार हुई है.
थाना प्रभारी ने कहा होगी कार्रवाई
नगर थाना प्रभारी नन्दकिशोर प्रसाद ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. बता दें कि संथाल परगना का जामताड़ा और देवघर जिला साइबर क्रिमिनल्स के आतंक से परेशान तो है ही दुमका जिला में भी इन अपराधियों द्वारा बीच-बीच में ठगी की घटनाओं का अंजाम दिया जा रहा है. पुलिस द्वारा हाल में कई कार्रवाई भी हुई, क्रिमिनल पकड़े भी गए पर आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आ ही जाती है.


