दुमकाः जिला में मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के भालभंडारो पंचायत के पकड़िया गांव में एक महिला पर डायन बिसाही का आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट की गई. बीच-बचाव करने आए महिला के पुत्र और पति को भी जमकर पीटा. दोनों को फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां इलाज के क्रम में पुत्र की मौत हो गई है जबकि पति का इलाज चल रहा है.
क्या है पूरा मामला
दुमका में मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के भालभंडारो पंचायत के पकड़िया गांव में मंगलवार को डायन के शक में रिश्तेदारों ने महिला को पीट दिया. इसी बीच बचाव करने पर भतीजों ने ही चाचा और अपने बड़े पापा को पोल से बांधकर पीटा. पिटाई से बुरी तरह घायल 30 साल के नरेश राणा की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. वहीं पिता बथन राणा का इलाज चल रहा है, उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.
महिला ने दिया आवेदन
इस मामले को लेकर पीड़ित महिला ने अपने ही रिश्तेदारों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाना में आवेदन दिया है. नरेश की बहन ने बताया कि चचेरे भाई गुलाब मड़ैया के पिता दीबू मड़ैया की कुछ दिन से लगातार बीमार चल रहे हैं. चचेरे भाई गुलाब इसके लिए मेरी मां को दोषी मानता था और लगातार डायन कहकर जान से मारने की धमकी भी दिया करता था.
आज मंगलवार को अचानक हाथ में रॉड और लाठी-डंडा लेकर दीबू लाल, गुलाब और उसके बेटे चुन्नूलाल मड़ैया, बबलू मड़ैया, रवि मड़ैया के साथ उनके घर की महिलाएं हमारे घर में घुस आए और मां को डायन कहते हुए पीटने लगे. इस बीच मेरी भाभी ने बचाने का प्रयास किया तो उन्हें धक्का देकर मोबाइल छीन लिया.
इस बीच भाई और पिता बचाने आए तो दोनों को पकड़ लिया. घर में पिटाई करने के बाद खींचते हुए बाहर ले गए और पोल में बांधकर पीटा जबकि गांव के लोग सारा तमाशा देखते रहे लेकिन किसी ने बचाने का प्रयास नहीं किया.
उनके साथ मारपीट करने के बाद जान से मारने की धमकी देकर सभी चले गए. किसी तरह से हमने 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी. पुलिस की मदद से भाई और पिता को अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां इलाज के क्रम में भाई की मौत हो गई.
क्या कहते हैं एसपी
इस पूरे मामले में दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने जानकारी दी कि सुबह मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम गांव गई और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया. शाम में एक व्यक्ति की मौत हो गई. इसमें डायन बिसाही का क्या मामला है इसकी जांच की जाएगी. दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.


