दुमकाः प्रतिवर्ष 02 फरवरी को दुमका में झारखंड मुक्ति मोर्चा के द्वारा एक समारोह का आयोजन किया जाता है, जिसे झारखंड दिवस कहा जाता है. यह समारोह अपने आपमें बिल्कुल अनोखा है.
आमतौर पर पूरे देश में जहां कहीं भी किसी भी राजनीतिक दल का कार्यक्रम आयोजित होता है, उसका समय दिन, दोपहर या शाम होता है. लेकिन झामुमो का यह समारोह रात के लगभग 8:00 बजे से शुरू होकर आधी रात के बाद 2:00 से 3:00 बजे तक चलता है. फरवरी की इस ठंड में भी हजारों की संख्या में स्त्री-पुरुष अपने नेताओं का संबोधन सुनने के लिए गांधी मैदान में डटे रहते हैं. यह सब उनकी पार्टी के प्रति प्रतिबद्धता प्रदर्शित करता है.
शिबू सोरेन ने की थी कार्यक्रम की शुरुआत
अगर हम झारखंड मुक्ति मोर्चा के इस समारोह की इतिहास में जाकर तो पता चलता है कि शिबू सोरेन ने 2 फरवरी 1978 को इसकी शुरुआत की थी. संथाल परगना के वरिष्ठ पत्रकार शिव शंकर चौधरी बताते हैं कि गुरुजी ने दुमका और आसपास के लोगों को उनके अधिकार के प्रति जागरूक करने के लिए इसकी शुरुआत की. साथ ही झारखंड पृथक राज्य के मांग के प्रति लोगों को संगठित करने के उद्देश्य से इसकी शुरुआत की थी. पहले यह कार्यक्रम दुमका के नेहरू पार्क में आयोजित किया जाता था.

इसी समारोह से पूरे संथाल परगना प्रमंडल में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने खुद को एक प्रमुख राजनीतिक शक्ति के रूप में स्थापित किया. जैसे-जैसे समय बितता गया, लोग काफी संख्या में इसमें शामिल होने लगे. यह कार्यक्रम बाद में दुमका के गांधी मैदान में आयोजित होने लगा. इस कार्यक्रम के माध्यम से शिबू सोरेन और पार्टी के अन्य नेता लोगों को अपनी नीतियों सिद्धांतों की जानकारी देते. आने वाले वर्ष में वे क्या करने जा रहे हैं इसे बताते हैं.

इस मंच से शिबू सोरेन का संबोधन आधी रात को होता था और लोग इसके इंतजार में डटे रहते थे. गुरुजी उपस्थित लोगों को जो बताते हुए उसे सुनकर सभी गांव-गांव प्रचारित करते. धीरे-धीरे यह समारोह पृथक आंदोलन की धुरी बन गई और इसका ही परिणाम हमें झारखंड राज्य के निर्माण के रूप में देखने को मिला. दुमका विधायक और गुरुजी के छोटे पुत्र बसंत सोरेन भी बताते हैं कि यह कार्यक्रम हमारे पार्टी के लिए काफी महत्वपूर्ण होता है. इसकी शुरुआत गुरुजी ने लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य किया था. इसमें हमारे कार्यकर्ता काफी उत्साह के साथ भाग लेते हैं.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे शिरकत
सोमवार 02 फरवरी को दुमका के गांधी मैदान में झामुमो के झारखंड दिवस समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन होंगे. इसके साथ ही सरकार के कई मंत्री, पार्टी के विधायक और सांसद भी मौजूद रहेंगे. पूरे शहर में झारखंड मुक्ति मोर्चा के बैनर और पोस्ट लगाए गए हैं, जो कार्यक्रम की भव्यता प्रदर्शित कर रहा है. रविवार की शाम दुमका के उपायुक्त अभिजीत सिन्हा और एसपी ने गांधी मैदान में व्यवस्था का जायजा लिया. एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने कहा कि इस कार्यक्रम में काफी भीड़ आने की संभावना है. इसके लिए मुख्यालय से पुलिस बल मंगाया गया है. पांच डीएसपी और अन्य पुलिसकर्मियों के जिम्मे सारी व्यवस्था होगी.


