पटना/नई दिल्ली: जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित अपने नए सरकारी आवास में विधिवत गृहप्रवेश किया। यह कार्यक्रम संसद के मानसून सत्र शुरू होने से कुछ दिन पहले आयोजित हुआ, जिससे उनके सत्र में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, नीतीश कुमार शुक्रवार सुबह चार्टर्ड विमान से दिल्ली पहुंचे। उनके साथ जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा और बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहे।
नए सरकारी आवास में आयोजित पूजा-अर्चना के दौरान केंद्रीय मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) भी शामिल हुए। धार्मिक अनुष्ठान के बाद नीतीश कुमार ने पूरे आवास का निरीक्षण किया। बताया गया कि राज्यसभा सदस्य बनने के बाद यह पहला अवसर था, जब उन्होंने इस नए आवास का दौरा किया।
गृहप्रवेश की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद नीतीश कुमार शाम को पटना लौट आए।
उल्लेखनीय है कि उन्हें नई दिल्ली के 9, सुनहरी बाग स्थित सरकारी आवास का आवंटन हुआ है। इसी इलाके में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के सरकारी आवास भी स्थित हैं। राहुल गांधी को 5, सुनहरी बाग तथा चिराग पासवान को 1, सुनहरी बाग का आवास आवंटित है।
संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से 13 अगस्त तक प्रस्तावित है। ऐसे में माना जा रहा है कि नीतीश कुमार राज्यसभा की कार्यवाही में भाग लेने के लिए दिल्ली में सक्रिय रह सकते हैं।


