नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सोमवार शाम बिहार में हो रहे विधानसभा चुनाव का प्रचार करने जा रही है. मुख्यमंत्री तीन दिन तक राज्य में एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करेंगी. इस प्रचार में उनके साथ भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, सहयोगी दलों के नेताओं के अलावा, पार्टी प्रत्याशी व कार्यकर्ता भी होंगे. मुख्यमंत्री जनसभाओं के अलावा रोड शो में भी शामिल होंगी.
रेखा गुप्ता विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए तीसरी बार बिहार जा रही हैं. यह उनका तूफानी दौरा होगा. इन तीन दिनों में मुख्यमंत्री 12 से 15 विधानसभाओं को संबोधित करेंगी. जिन विधानसभाओं में वह रोड शो व जनसभाओं को संबोधित करेंगी, उनमें 6 नवंबर के अलावा 11 नवंबर को भी मतदान होगा. मुख्यमंत्री सोमवार देर शाम ही पटना पहुंचेगी और रात में बंकिपुर विधानसभा में जनसभा को संबोधित करेंगी.
मुख्यमंत्री जिन विधानसभाओं में चुनाव प्रचार, जनसभाएं व रोड शो करेंगी उनमें चार नवंबर को सिवान, बड़हरिया, बैकुंठपुर व अन्य विधानसभा शामिल है. पांच नवंबर को मुख्यमंत्री का प्रचार गौराबोड़ाम, अरवल, गयाजी शहर, औरंगाबाद विधानसभाओं में होगा. आगामी छह नवंबर को मुख्यमंत्री भागलपुर, वारसलीगंज, हिसुआ, दिनारा विधानसभाओं को संबोधित करेंगी. छह नवंबर को रात में ही मुख्यमंत्री के दिल्ली पहुंचने की संभावना है. इससे पहले विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए दो दिनों के लिए सीएम रेखा गुप्ता बिहार दौरे पर गई थी.
रेखा गुप्ता बीजेपी की स्टार प्रचारकों में शामिल हैं. इस विस्तृत सूची में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, गिरिराज सिंह, अश्विनी चौबे, और बिहार बीजेपी के प्रमुख नेता जैसे सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा के नाम भी शामिल हैं.
बीजेपी का लक्ष्य है कि विभिन्न जातियों, वर्गों और क्षेत्रों के मतदाताओं तक सीधा पहुंच बनाई जाए. प्रधानमंत्री मोदी की लगभग एक दर्जन चुनावी सभाएं और रोड शो प्रस्तावित हैं. जिनमें कई में वो शिरकत कर चुके हैं. पार्टी ने स्टार प्रचारकों के माध्यम से राष्ट्रीय और क्षेत्रीय, दोनों स्तर के मुद्दों को उठाकर मतदाताओं को आकर्षित करने की योजना बनाई है. रेखा गुप्ता और मनोज तिवारी जैसे चेहरों को शामिल करके, बीजेपी ने यह साफ कर दिया है कि वह बिहार में एक बहुआयामी और आकर्षक प्रचार अभियान चलाने के लिए पूरी तरह तैयार है



