Friday, March 27, 2026

दरभंगा के जाले विधानसभा में मतदान के दौरान हंगामा के साथ पत्थरबाजी की घटना हुई.

Share

 बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान दरभंगा जिले में जाले विधानसभा क्षेत्र में स्थित एक मतदान केंद्र पर भारी हंगामा देखने को मिला. खबर के मुताबिक, कटका पंचायत के मतदान केंद्र संख्या 256 पर यह हंगामा हुआ है.

  • सदर एसडीपीओ 2 के एसके सुमन ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) पार्टी और कांग्रेस पार्टी के पोलिंग एजेंट के बीच विवाद के बाद कारण हंगामा खड़ा हो गया. विवाद के बीच दोनों पार्टी के समर्थकों के बीच पत्थरबाजी हुई.
  • पुलिस ने बताया कि, मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है. हालांकि, इस विवाद के बाद हुई पत्थरबाजी में किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं मिली है. हालांकि, इस घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल पहुंचकर मामले को शांत किया. एसडीपीओ ने बताचा कि, इस मामले में अभी तक कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ और न ही कोई गिरफ्तारी हुई है.
  • बिहार में पहले चरण के लिए जारी मतदान के बीच जनसुराज पार्टी के दरभंगा प्रत्याशी आरके मिश्रा के साथ बदसलूकी की घटना हुई. उसके बाद वे धरना पर बैठ गए. उन्होंने इस घटना के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जिम्मेदार ठहराया है.
  • जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी आरके मिश्रा ने कहा कि, उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस थाने में जाकर की, लेकिन पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है. इससे नाराज मिश्रा ने नगर थाना परिसर में धरने पर बैठ गए. उनका आरोप है कि, उनके साथ दुर्व्यवहार करने वाले बीजेपी के समर्थक हैं. मीडिया से बातचीत में मिश्रा ने कहा कि, वे भाजपाई गुंडागर्दी के आगे झुकने वाले नहीं है. उन्होंने कहा कि, यह लड़ाई सिर्फ राजनीतिक नहीं है. यह बाहरी गुंडों के विरुद्ध और मिथिला के आत्मसम्मान की लड़ाई है.
  • छपरा में भी हंगामा हुआ, धक्का-मुक्की हुई: बताते चले कि, बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के दौरान हिंसा और उपद्रव की घटनाएं भी सामने आ रही हैं. छपरा जिले की मांझी सीट से सीपीएम विधायक सत्येंद्र यादव के साथ धक्का-मुक्की की गई. साथ ही उपद्रवियों ने उनकी गाड़ी पर हमला कर दिया, जिससे गाड़ी का शीशा टूट गया.
  • बताया गया कि सीपीएम विधायक मतदान के दौरान पोलिंग बूथों का निरीक्षण करने निकले थे. तभी दाउदपुर के पास एक बूथ पर लोगों से कहासुनी हो गई और इस बीच उनकी गाड़ी पर पत्थराव की घटना हुई है जिसमें सत्येंद्र यादव की गाड़ी का शीशा टूटा है.
  • सीपीएम प्रत्याशी और विधायक पर हमले की घटना के संबंध में पुलिस ने एक बयान में कहा कि मांझी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जैतपुर गांव में विधायक सत्येंद्र यादव मतदान केंद्र का निरीक्षण करने वाहन से गए थे. तभी मतदान केंद्र के बाहर स्थानीय लोगों ने उनका विरोध शुरू कर दिया और इस दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा वाहन का शीशा क्रैक कर दिया गया.

दरभंगा की हाई प्रोफाइल सीटें
इस बार के विधानसभा चुनाव में कई दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है. यहां पांच सीटों को हाई प्रोफाइल के तौर पर देखा जा रहा है. प्रदेश सरकार के निवर्तमान मंत्री संजय सरावगी भाजपा के छठी बार कैंडिडेट हैं. उनको चुनौती देने के लिए वीआईपी से उमेश सहनी और प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी से आरके मिश्रा को चुनाव मैदान में उतारा गया है.

Read more

Local News