साइंस-फिक्शन फिल्म ड्यून के पार्ट 3 से इसकी स्टारकास्ट के फर्स्ट लुक सामने आ चुके हैं. आज 17 मार्च मंगलवार को टीजर रिलीज होने से ठीक पहले नए किरदारों के पोस्टर जारी होने से ड्यून: पार्ट थ्री के लिए उत्साह बढ़ता जा रहा है. फैंस को आखिरकार टिमोथी चालमेट, जेंडाया और रॉबर्ट पैटिनसन को उनके दमदार किरदारों में करीब से देखने का मौका मिला.
चैलेमेट द्वारा साझा किए गए पहले पोस्टर में उनके किरदार पॉल एट्रीडेस को एक बिल्कुल अलग अंदाज में दिखाया गया है. उनका चेहरा उम्रदराज लग रहा है, जिसमें हल्की झुर्रियां और निशान हैं, जो उनके कठिन जीवन की झलक देते हैं. पॉल अब सिर्फ एक युवा नायक नहीं रहे. अब वे एक सशक्त और गंभीर नेता के रूप में नजर आते हैं, जो पिछली फिल्म में शुरू किए गए युद्ध के परिणामों का सामना करने के लिए तैयार हैं.
जेंडाया एक बहादुर फ्रेमेन योद्धा चानी के रूप में वापसी कर रही हैं. उनके पोस्टर में उनका गंभीर और एकाग्र भाव बरकरार है, जिससे पता चलता है कि इस बार उनकी भूमिका और भी महत्वपूर्ण होगी. फैंस पॉल के साथ उनके रिश्ते को लेकर भी उत्सुक हैं, खासकर ड्यून: पार्ट टू के नाटकीय अंत के बाद.
फिल्म की सबसे बड़ी खासियतों में से एक है रॉबर्ट पैटिनसन का खलनायक स्कायटेल के रूप में पहला लुक. उनके इस लुक ने ऑनलाइन काफी हलचल मचा दी है. हालांकि उनके किरदार के बारे में अभी भी ज्यादा जानकारी गुप्त रखी गई है, लेकिन यह स्पष्ट है कि कहानी में उनकी अहम भूमिका होगी. उनके आने से फिल्म में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है.
किरदारों के पोस्टर साझा करते हुए, निर्माताओं ने टिक टॉक पर लिखा, ‘क्या आप तैयार हैं? #DuneMovie सबसे पहले टीजर देखें, TikTok पर लाइव. कल सुबह 9:00 बजे, दोपहर 12:00 बजे ET. फिल्म का टीजर मंगलवार को रिलीज होगा और भारत में इसे भारतीय समयानुसार रात 9:30 बजे लाइव देख सकते हैं. मेकर्स ऐलान किया की है कि टीजर लोकप्रिय ऐप TikTok पर प्रीमियर होगा.
डेनिस विलेन्यूव द्वारा निर्देशित यह फिल्म ड्यून मसीहा नामक पुस्तक पर आधारित है. इस सीरीज का तीसरा और आखिरी पार्ट 18 दिसंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है और इसका मुकाबला एक अन्य बड़ी फिल्म, एवेंजर्स: डूम्सडे से होगा.


