रांची: भारतीय जनसंघ के संस्थापक, महान शिक्षाविद् एवं प्रखर राष्ट्रवादी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 125वें स्मरण पक्ष में बीजेपी महानगर जिला कार्यालय में कार्यक्रम सह कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया.
- रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू की अध्यक्षता में भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन में बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ताओं-नेताओं ने भाग लिया. इस कार्यक्रम में वक्तताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन, संघर्ष और राष्ट्रवादी विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया.
- मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए पार्टी नेता रघुवर दास ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन, राष्ट्र की एकता, अखंडता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए समर्पित रहा. उन्होंने सत्ता नहीं, बल्कि सिद्धांतों की राजनीति की. भारतीय जनता पार्टी आज जिस वैचारिक आधार पर विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक पार्टी बनी है, उसकी मजबूत नींव डॉ. मुखर्जी ने रखी थी. ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाए और राष्ट्र प्रथम की भावना को अपने जीवन का मूल मंत्र बनाए.
- उन्होंने झारखंड की वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य की जनता आज सरकार से खुश नहीं है. झारखंड में सिंडिकेट की सरकार चल रही है. लूट, हत्या, दुष्कर्म और संगठित अपराध के गिरोह खुलेआम सक्रिय है, जबकि सरकार मूकदर्शक बनी हुई है. पूरी हेमंत सोरेन सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है. ऐसी जनविरोधी और भ्रष्ट सरकार को लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता से बाहर करने के लिए भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता अभी से तैयार रहे. जनता आज भाजपा की ओर आशा और विश्वास भरी निगाहों से देख रही है तथा राज्य में सुशासन और विकास के लिए परिवर्तन चाहती है.
- रांची विधायक सीपी सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन त्याग, तपस्या और राष्ट्रभक्ति की अद्भुत मिसाल है. “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का उनका उद्घोष केवल एक नारा नहीं, बल्कि भारत की एकता का संकल्प था. आज देश में राष्ट्रीय एकात्मता को मिली मजबूती उनके संघर्ष और बलिदान का परिणाम है.
- रांची की महापौर रौशनी खलखो ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन हमें राष्ट्रसेवा, शिक्षा, सामाजिक समरसता और जनकल्याण के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है. उनके आदर्शों पर चलते हुए हमें समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा और विकास की भावना को पहुंचाना है. यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.
- भाजपा रांची महानगर जिला अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत है. उनका राष्ट्रवादी चिंतन, संगठन निर्माण की क्षमता और अखंड भारत का संकल्प आज भी भाजपा की कार्यशैली का आधार है. स्मरण पक्ष के माध्यम से महानगर के प्रत्येक मंडल एवं बूथ तक उनके विचारों को पहुंचाने का अभियान चलाया जा रहा है, ताकि नई पीढ़ी उनके योगदान से परिचित हो सके.
इस सम्मेलन में वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने, सेवा कार्यों को गति देने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया. रांची महानगर के महामंत्री जितेंद्र वर्मा ने बताया कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की शहादत दिवस 23 जून से लेकर उनकी जयंती दिवस 06 जुलाई तक, भाजपा स्मरण पक्ष के रूप में मनाती है, इसी स्मरण पक्ष या पखवाड़ा में आज रांची महानगर भाजपा द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया.


