भारत के स्टार बैटर रिंकू सिंह ने अपने दिवंगत पिता खानचंद सिंह को इमोशनल श्रद्धांजलि दी है, जिनका 27 फरवरी को ग्रेटर नोएडा में लंबी बीमारी के कारण निधन हो गया था. रिंकू जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत के टी20 वर्ल्ड कप 2026 सुपर 8s मैच के बाद अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल हुए, और फिर सुपर 8s स्टेज में वेस्ट इंडीज के खिलाफ जरूरी मैच के लिए कोलकाता में टीम में शामिल हुए.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद रिंकू ने एक भावुक पोस्ट शेयर किया है. जिसमें उन्होंने कहा कि अपने पिता से बात किए बिना एक भी दिन अधूरा लगता है, और वह उनके बिना आगे की जिंदगी की कल्पना करने में भी मुश्किल महसूस करते हैं.
रिंकू की भावुक पोस्ट
उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में लिखा, ‘आपसे बात किए बिना इतने दिन कभी नहीं निकले. मुझे नहीं पता आगे कि जिंदगी आपके बिना कैसे चलेगी… पर मुझे हर कदम पर आपकी जरूरत पड़ेगी. आपने सिखाया था कि फर्ज सबसे आगे है.. तो फील्ड पर बस आपका सपना पूरा करने की कोशिश कर रहा था. अब आपका सपना पूरा हो गया है…. तो बस यही लगता है कि काश आप मेरे पास होते. हर छोटी बड़ी खुशी में आपकी कमी खलेगी. बहुत मिस करूंगा आपको पापा… बहुत ज्यादा.’
टी20 वर्ल्ड कप में रिंकू का प्रदर्शन
रिंकू का टूर्नामेंट में प्रदर्शन शानदार नहीं रहा. उन्होंने T20 वर्ल्ड कप में सिर्फ पांच मैच खेले, जहां उन्होंने रनों के लिए संघर्ष किया और सिर्फ 24 रन बनाए, जिसमें सुपर 8 में नरेंद्र मोदी स्टेडियम में साउथ अफ्रीका के खिलाफ एक अहम मैच में डक पर आउट हो गए थे.
प्रोटियाज के खिलाफ हार के बाद रिंकू को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखा गया, और उनकी जगह संजू सैमसन को टीम में शामिल किया गया. इस फैसले से टीम को अच्छे नतीजे मिले क्योंकि संजू ने सुपर 8 मैच, सेमीफाइनल और फाइनल में लगातार मैच जिताने वाली पारियां खेलीं.


