Sunday, March 29, 2026

 टाटा समूह समर्थित आभूषण ब्रांड कैरेटलेन की आगामी वित्त वर्ष में 40 स्टोर खोलने की योजना है.

Share

 टाटा समूह समर्थित आभूषण ब्रांड कैरेटलेन की आगामी वित्त वर्ष में 40 स्टोर खोलने की योजना है. इनमें 10 प्रतिशत स्टोर कंपनी के स्वामित्व वाले होंगे। कंपनी के एक वरिष्ठ कार्यकारी ने यह जानकारी दी.

कैरेटलेन के प्रबंध निदेशक सौमेन भौमिक ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘अभी हमारे लगभग 369 स्टोर हैं, और हमें अगले साल (2026-27) लगभग 40 स्टोर और जुड़ने की उम्मीद है. हालांकि, हम उन्हें खोलने में जल्दबाजी नहीं करेंगे. पहली तिमाही में, हम शायद स्टोर की संभावनाएं तलाशेंगे और दूसरी तिमाही में हम वित्त वर्ष 2026-27 के लिए विस्तार शुरू करेंगे. इन नए स्टोर में से लगभग 10 प्रतिशत कंपनी के स्वामित्व वाले होंगे.’’

उन्होंने कहा कि मौजूदा 369 परिचालन वाले स्टोर में से लगभग 13 प्रतिशत कंपनी के स्वामित्व वाले हैं.

उन्होंने कहा कि यह विस्तार उत्तर, पूर्व और दक्षिण में ज्यादा होगा, जबकि पश्चिम में कम स्टोर खुलेंगे.

भौमिक ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि उत्तर, पूर्व और दक्षिण में हम विस्तार करना जारी रखेंगे. पश्चिम में, हम कम स्टोर खोलेंगे क्योंकि हमने उस क्षेत्र में पहले ही अच्छी संख्या में स्टोर खोल लिए हैं. अभी, मैं यह पक्का करना चाहता हूं कि पश्चिमी क्षेत्र का हर स्टोर अपनी क्षमता से ज्यादा पर काम करे.’’

भौमिक ने कहा कि इन स्टोर के विस्तार के लिए जरूरी कोष आंतरिक संसाधनों से जुटाया जाएगा. हालांकि, उन्होंने इसके लिए कुल पूंजीगत खर्च का ब्योरा नहीं दिया.

उन्होंने कहा कि कंपनी का वित्त वर्ष 2024-25 में राजस्व 3,983 करोड़ रुपये था. चालू वित्त वर्ष में हम इसमें ऊंची दो अंकीय वृद्धि की उम्मीद कर रहे हैं.

Read more

Local News