Thursday, November 26, 2026

टाटा संस में चेयरमैन की पुनर्नियुक्ति पर विवाद, दो ट्रस्ट पहुंचे बॉम्बे हाईकोर्ट

Share

एन. चंद्रशेखरन को तीसरी बार पांच साल के लिए कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने को दी चुनौती, कुल 65 करोड़ रुपये हर्जाने की मांग

नई दिल्ली। टाटा समूह में नेतृत्व को लेकर चल रहा अंदरूनी विवाद अब अदालत पहुंच गया है। टाटा ट्रस्ट के दो प्रमुख ट्रस्ट- सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट (SDTT) और आर.डी. टाटा ट्रस्ट (RDTT) ने गुरुवार को बॉम्बे हाईकोर्ट में टाटा संस और उसके छह निदेशकों के खिलाफ मुकदमा दायर किया है। दोनों ट्रस्ट ने एन. चंद्रशेखरन को तीसरी बार पांच साल के लिए टाटा संस का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के फैसले को चुनौती दी है।

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रस्टों का आरोप है कि 17 सितंबर को हुई टाटा संस की बोर्ड बैठक में चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति का प्रस्ताव कंपनी के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन (AoA) के आर्टिकल 121 के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पारित नहीं हुआ। उनका दावा है कि प्रस्ताव के लिए जरूरी मतदान और समर्थन नहीं मिला। इसी आधार पर दोनों ट्रस्ट ने नियुक्ति को अवैध और कानूनी रूप से प्रभावहीन घोषित करने की मांग की है।

बॉम्बे हाईकोर्ट की एकल पीठ शुक्रवार को इन याचिकाओं पर सुनवाई कर सकती है।

65 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग

दोनों ट्रस्टों ने मुकदमे में आर्थिक हर्जाने की भी मांग की है। सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट ने 50 करोड़ रुपये, जबकि आर.डी. टाटा ट्रस्ट ने 15 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है। दोनों ने इस राशि पर 18 प्रतिशत सालाना ब्याज देने की मांग भी की है।

ट्रस्टों ने तत्काल राहत के तौर पर अदालत से अनुरोध किया है कि 30 नवंबर को होने वाली टाटा संस की बोर्ड बैठक में यदि नॉमिनी निदेशकों के बीच मतभेद के कारण बराबर वोट पड़ते हैं, तो चेयरमैन को निर्णायक यानी कास्टिंग वोट इस्तेमाल करने से रोका जाए।

17 सितंबर की बोर्ड बैठक से शुरू हुआ विवाद

विवाद की शुरुआत 17 सितंबर को हुई टाटा संस की बोर्ड बैठक से हुई, जिसमें एन. चंद्रशेखरन को अगले पांच साल के लिए फिर से कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करने का प्रस्ताव पारित किया गया था।

ट्रस्टों का कहना है कि उन्होंने इस फैसले के बाद कई बार पत्र लिखकर नियुक्ति की प्रक्रिया और कानूनी आधार पर स्पष्टीकरण मांगा, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद बुधवार रात दोनों ट्रस्टों ने प्रस्ताव पारित कर अदालत जाने का निर्णय लिया।

नोएल टाटा की अध्यक्षता वाले टाटा ट्रस्ट के पास टाटा संस की करीब 66 प्रतिशत हिस्सेदारी है। ट्रस्टों के नॉमिनी निदेशकों के बीच मतभेद के कारण 17 सितंबर की बैठक में फैसला कास्टिंग वोट के जरिए हुआ था। बैठक की अध्यक्षता कर रहे हरीश मनवानी के निर्णायक वोट ने चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति के प्रस्ताव को मंजूरी दिलाने में भूमिका निभाई।

दोनों ट्रस्टों ने 20 सितंबर को जारी बयान में भी कहा था कि 17 सितंबर को पारित प्रस्ताव वैध नहीं है और उसका कोई कानूनी प्रभाव नहीं होना चाहिए।

आर्टिकल 121 पर टिका है पूरा मामला

इस कानूनी विवाद के केंद्र में टाटा संस के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन का आर्टिकल 121 और टाटा ट्रस्ट की ओर से नामित निदेशकों को मिले विशेष अधिकार हैं।

टाटा संस के बोर्ड में टाटा ट्रस्ट की ओर से दो नॉमिनी निदेशक हैं- नोएल टाटा और वेणु श्रीनिवासन। 17 सितंबर की बैठक में नोएल टाटा ने चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति के खिलाफ वोट दिया था, जबकि वेणु श्रीनिवासन ने इसके समर्थन में मतदान किया था।

ट्रस्टों का तर्क है कि आर्टिकल 121 के तहत इस तरह के फैसले के लिए टाटा ट्रस्ट की ओर से नामित निदेशकों के बहुमत का सकारात्मक समर्थन जरूरी है। उनका कहना है कि यह कंपनी के सामान्य बोर्ड मतदान से अलग एक विशेष शर्त है। ऐसे में केवल बोर्ड में मौजूद निदेशकों के मतों की संख्या के आधार पर नियुक्ति को मंजूरी नहीं दी जा सकती।

अब इस मामले में शुक्रवार को होने वाली हाईकोर्ट की सुनवाई और 30 नवंबर की टाटा संस बोर्ड बैठक पर सबकी नजरें रहेंगी। अदालत का फैसला यह तय करने में अहम हो सकता है कि चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति को लेकर उठे कानूनी सवालों का आगे क्या परिणाम निकलता है।

Read more

Local News