Friday, March 20, 2026

झारखंड सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के पदाधिकारियों ने छत्तीसगढ़ का दौरा किया.

Share

रांचीः युवाओं को रोजगार संबंधी सटीक और व्यवस्थित जानकारी उपलब्ध कराने की दिशा में झारखंड सरकार एक नई पहल की तैयारी में है. इसी कड़ी में झारखंड सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के पदाधिकारियों ने रायपुर स्थित “छत्तीसगढ़ संवाद” की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया. यह अध्ययन भ्रमण 19 और 20 मार्च को आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य छत्तीसगढ़ सरकार की इस संस्था के कार्य मॉडल और प्रकाशन प्रणाली को समझना था.

रायपुर भ्रमण के दौरान झारखंड से पहुंचे अधिकारियों ने “रोजगार और नियोजन” नामक साप्ताहिक पत्रिका का गहन अध्ययन किया. इस दौरान पत्रिका की सहायक संपादक गीतांजलि नेताम ने इसकी संरचना, सामग्री और उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने बताया कि यह पत्रिका सरकारी नौकरियों, विभिन्न योजनाओं और करियर मार्गदर्शन से जुड़ी अहम जानकारियों को एक ही मंच पर उपलब्ध कराती है. खासकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह पत्रिका बेहद उपयोगी साबित हो रही है.

झारखंड से आए प्रतिनिधिमंडल में उप निदेशक आनंद कुमार, सहायक निदेशक सुनीता धान और विधि परामर्शी अमन कुमार शामिल रहे. झारखंड टीम के सदस्यों ने पत्रिका की कार्यशैली और उसकी प्रस्तुति की सराहना की. उन्होंने कहा कि इस तरह की संगठित और विश्वसनीय जानकारी युवाओं को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है.

अधिकारियों ने बताया कि झारखंड में भी “रोजगार और नियोजन” की तर्ज पर एक पत्रिका प्रकाशित करने की योजना पर विचार किया जा रहा है. इसके लिए वे इस पत्रिका की एक प्रति राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को प्रस्तुत करेंगे, ताकि इस पहल को आगे बढ़ाने पर निर्णय लिया जा सके.

टीम ने उम्मीद जताई कि यदि यह योजना लागू होती है तो झारखंड के हजारों युवाओं को रोजगार से जुड़ी आवश्यक जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध हो सकेगी. इससे न केवल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को लाभ मिलेगा, बल्कि उनके करियर निर्माण में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा.

इस दौरान “छत्तीसगढ़ संवाद” से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और पत्रिका के प्रकाशन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी. यह भ्रमण झारखंड में रोजगार संबंधी सूचना प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है.

Read more

Local News