Monday, April 6, 2026

झारखंड सरकार में मंत्री इरफान अंसारी के BLO को धमकी देने वाले बयान पर प्रदेश बीजेपी ने गंभीर सवाल उठाए हैं.

Share

रांची: SIR के दौरन BLO के घर आने पर बंद करने का आह्वान करने वाले कांग्रेस कोटे के मंत्री इरफान अंसारी को भाजपा ने आड़े हाथों लिया है. भाजपा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मंत्री इरफान अंसारी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. साथ ही उनसे जवाब की मांग की है कि उनके कैबिनेट का एक मंत्री बीएलओ कर्मचारी के खिलाफ इस तरह का असंवैधानिक बयान कैसे दे सकता है. वहीं कांग्रेस ने अपने मंत्री का बचाव किया है.

  • भाजपा के मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक ने कहा है कि ऐसे लोग सोच समझकर ऐसे बयान देते हैं. ये लोग घुसपैठियों के वोट से जीतने वाले लोग हैं. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल से एसआईआर के नाम पर घुसपैठिए भाग रहे हैं. इससे साफ है कि उसका डर इनलोगों को सता रहा है. इसी वजह से इस तरह का बयान दे रहे हैं. इससे साफ है कि सुनियोजित तरीके से वोट लेने के लिए फर्जी लोगों का नाम वोटर लिस्ट में जुड़वाया गया है. अब एसआईआर के जरिए ऐसे लोगों के नाम हटेंगे, इसी वजह से ऐसे बयान दिए जा रहे हैं.

झारखंड भाजपा के मीडिया प्रभारी ने कहा कि अगर ऐसे अंसैधानिक बयान के बावजूद मंत्री इरफान अंसारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती है तो इसका यही अर्थ निकलेगा कि मंत्री को सीएम का समर्थन प्राप्त है. भाजपा ने आश्चर्य जताया कि संविधान की शपथ लेकर कोई मंत्री ऐसी बात कैसे कर सकता है. भाजपा नेता ने कहा कि बीएलओ तो राज्य सरकार का कर्मचारी होता है. अगर बीएलओ किसी के घर जाता है और उसको घर में बंद करने की बात कही जा रही है, यह अनुशासनहीनता है. इसपर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए.

मंत्री इरफान अंसारी के विवादित बयान का कांग्रेस ने बचाव किया है. कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि एसआईआर को लेकर लोगों में आक्रोश है. क्योंकि चुनाव आयोग एसआईआर के माध्यम से लोकतंत्र की हत्या कर रहा है. अगर लोकतंत्र नहीं बचेगा तो सभी का अधिकार छीन लिया जाएगा. लिहाजा, भाजपा वाले संविधान बदलने की साजिश रच रहे हैं. इससे साफ है कि उसी आक्रोश के तहत माननीय मंत्री ने ऐसा बयान दे दिया होगा. लेकिन उनके बयान के मकसद को समझना चाहिए. उन्होंने इस वजह से ऐसी बात कही, ताकि देश का संविधान और लोकतंत्र बचा रहे.


बीएलओ को लेकर क्या कहा है मंत्री इरफान अंसारी ने

मंत्री इरफान अंसारी ने चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे SIR पर सवाल उठाया है. जामताड़ा में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि अगर कोई BLO किसी के घर में जाता है तो उसे घर में बंद कर दें. उन्होंने लोगों से किसी भी कीमत पर SIR न कराने और सतर्क रहने की अपील की है. उन्होंने कहा कि अगर कोई बीएलओ घर आए तो हमसे कॉन्टेक्ट करें. उनसे कुछ न कहें, नहीं तो वे लोग आपका नाम वोटर लिस्ट से हटाकर सारे हक छीन लेंगे.

Read more

Local News