रांचीः झारखंड विधानसभा का बजट सत्र अब 19 मार्च के बजाय एक दिन पहले यानी 18 को ही समाप्त हो जायेगा. बजट सत्र के दौरान सोमवार को स्पीकर रबीन्द्रनाथ महतो ने इसकी औपचारिक रुप से सदन में घोषणा की. इससे पहले विधानसभा में कार्यमंत्रणा समिति की बैठक हुई, जिसमें शनिवार 14 मार्च को सदन की कार्यवाही संचालित करने के अलावे 19 मार्च के बजाय 18 मार्च को ही बजट सत्र का समापन करने का निर्णय लिया गया.
स्पीकर रबींद्रनाथ महतो की मौजूदगी में हुई कार्यमंत्रणा समिति की इस बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर सहित कई विधायक मौजूद थे.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिली महिला विधायक
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सोमवार को झारखंड विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में झारखंड विधानसभा की महिला सदस्यों ने मुलाकात की. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी सदस्यों को महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं. उन्होंने उपस्थित सभी महिला सदस्यों को सम्मानित किया और राज्य के सर्वांगीण विकास में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से अनेक योजनाएं संचालित कर रही है. इस दौरान विधानसभा की महिला सदस्यों ने भी मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दीं और राज्य में महिलाओं के उत्थान, सुरक्षा तथा सशक्तिकरण से संबंधित विषयों पर अपने सुझाव साझा किए.
बजट सत्र के बाद मुख्यमंत्री ने टी 20 क्रिकेट मैच में भारत की जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि देश के अंदर मैच होते रहते हैं. कल का मैच हमने भी थोड़ी देर देखा अच्छा लगा.
विधानसभा परिसर में मीडियाकर्मियों के द्वारा आंध्र प्रदेश और कर्नाटक सरकार के द्वारा सोशल मीडिया को बच्चों के लिए पाबंदी लगाए जाने पर उन्होंने कहा कि हर चीजों के दो पहलू होते हैं एक अच्छा होता है और दूसरा बुरा ऐसे में आप पर निर्भर करता है कि आप किस तरह से उसे देखते हैं.


