Thursday, March 19, 2026

झारखंड लोक भवन उद्यान में तीसरे दिन कई लोगों ने भ्रमण किया.

Share

रांची: राज्यपाल के निर्देश पर लोक भवन उद्यान को आम नागरिकों के भ्रमण के लिए 2 फरवरी से 8 फरवरी, 2026 तक खोला गया है. उद्यान के खुलने के बाद से ही आमजन में इसे देखने को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है. इसी क्रम में आज तीसरे दिन कुल 12,711 नागरिकों ने लोक भवन उद्यान का भ्रमण एवं परिदर्शन किया.

सुबह से ही लोक भवन परिसर में लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलीं. परिवार, बच्चे, बुजुर्ग एवं युवा बड़ी संख्या में उद्यान की हरियाली, सुव्यवस्थित पथों, फूलों की आकर्षक क्यारियों और शांत वातावरण का आनंद लेते नजर आए. कई आगंतुकों ने उद्यान को प्राकृतिक सौंदर्य और स्वच्छता का बेहतरीन उदाहरण बताया.

Jharkhand Lok Bhavan Garden

लोक भवन उद्यान का भ्रमण समय सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित है. भ्रमण के लिए इच्छुक नागरिक लोक भवन के गेट संख्या–2 से प्रवेश कर सकते हैं, जहां सुरक्षा जांच की समुचित व्यवस्था की गई है. सुरक्षा कारणों से आगंतुकों को 1 बजे तक प्रवेश करने की अनुमति दी जा रही है, ताकि सभी लोग निर्धारित समय के भीतर आराम से उद्यान का भ्रमण कर सकें.

प्रशासन की ओर से आगंतुकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त पुलिस बल, स्वयंसेवक तथा आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं. साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे उद्यान परिसर में स्वच्छता बनाए रखें, पौधों और संरचनाओं को नुकसान न पहुंचाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें.

Jharkhand Lok Bhavan Garden

लोक भवन उद्यान का यह भ्रमण कार्यक्रम न केवल आम नागरिकों को प्रकृति के करीब आने का अवसर प्रदान कर रहा है, बल्कि राज्य की प्रशासनिक विरासत और सौंदर्य से भी उन्हें परिचित करा रहा है. आगामी दिनों में भी बड़ी संख्या में लोगों के उद्यान भ्रमण के लिए पहुंचने की संभावना जताई जा रही है.

Read more

Local News