Friday, October 30, 2026

झारखंड में 5 नवंबर से मौसम होगा साफ, साहिबगंज-गोड्डा-पाकुड़ में भारी बारिश की चेतावनी

Share

रांची | 30 अक्टूबर 2026

चक्रवाती तूफान अर्नब के कमजोर होकर निम्न दबाव के क्षेत्र में बदलने के बाद झारखंड के कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। मौसम केंद्र रांची ने शुक्रवार से शनिवार सुबह 8:30 बजे तक राज्य के आठ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें तीन जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 5 नवंबर से राज्य में आसमान मुख्य रूप से साफ होने लगेगा।

संताल परगना के तीन जिलों में भारी बारिश की आशंका

मौसम विभाग के अनुसार, साहिबगंज, गोड्डा और पाकुड़ में कहीं-कहीं 64.5 से 115.5 मिलीमीटर तक भारी बारिश हो सकती है। वहीं, साहिबगंज, गोड्डा, पाकुड़, दुमका, देवघर, गिरिडीह, कोडरमा और हजारीबाग में गरज-चमक के साथ वज्रपात की आशंका है।

इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी चेतावनी दी गई है।

5 नवंबर से आसमान साफ होने का अनुमान

मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक राज्य के कई हिस्सों में सुबह हल्का कोहरा छा सकता है। दिन में आंशिक बादल रहने और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद 5 नवंबर से सुबह कुहासा रहने के बावजूद आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है।

रांची और डाल्टनगंज में सामान्य से काफी नीचे रहा तापमान

बारिश और बादलों के कारण राज्य के प्रमुख शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। डाल्टनगंज का अधिकतम तापमान सामान्य से 8.1 डिग्री कम 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा। रांची में यह सामान्य से 6 डिग्री नीचे 21.8 डिग्री और जमशेदपुर में सामान्य से 5.8 डिग्री कम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान दुमका में 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार में 17.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बालूमाथ में सबसे अधिक 111.5 मिमी बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान लातेहार जिले के बालूमाथ में सर्वाधिक 111.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। अन्य प्रमुख स्थानों पर दर्ज वर्षा का आंकड़ा इस प्रकार रहा:

  • कुरडेग – 90.6 मिमी
  • डाल्टनगंज – 75 मिमी
  • गारू – 60.4 मिमी
  • धालभूमगढ़ – 50 मिमी
  • घाटशिला – 46.8 मिमी
  • चंदनकियारी और गुड़ाबांधा – 46.2 मिमी
  • पुटकी – 44 मिमी
  • जमशेदपुर – 20.6 मिमी
  • रांची – 8.5 मिमी

मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए संबंधित जिलों के लोगों को गरज-चमक और तेज हवा के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।

BHARATSUPERFASTNEWS

Read more

Local News