रांची: झारखंड सरकार ने राज्य के विभिन्न सरकारी विभागों में खाली पड़े पदों को भरने की प्रक्रिया तेज कर दी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश के बाद सभी विभागों से रिक्त पदों की वर्तमान स्थिति की जानकारी मांगी जा रही है, ताकि जरूरत के अनुसार चरणबद्ध नियुक्ति की योजना तैयार की जा सके। संभावना है कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर करीब 25 हजार नियुक्तियों की घोषणा की जा सकती है।
- सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार राज्य में विभिन्न विभागों के लिए कुल 3,51,968 नियमित पद स्वीकृत हैं। इनमें वर्तमान में लगभग 1,87,610 पदों पर ही अधिकारी और कर्मचारी कार्यरत हैं, जबकि बड़ी संख्या में पद खाली हैं। विभागीय स्तर पर शिक्षा, स्वास्थ्य और गृह विभाग में रिक्तियों की संख्या अधिक बताई जा रही है।
- राज्य सरकार ने पहले से जारी भर्ती विज्ञापनों से जुड़ी नियुक्ति प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने पर जोर दिया है। इसके लिए झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) को लंबित परीक्षाओं और चयन प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा नए रिक्त पदों के लिए विभागों से मिलने वाले प्रस्तावों पर भी जल्द निर्णय लेने की तैयारी है।
- आने वाली भर्तियों में सरकारी स्कूलों के लिए सहायक शिक्षक, स्वास्थ्य क्षेत्र में डॉक्टर, नर्स और अन्य चिकित्सा कर्मी, जबकि सड़क, पुल-पुलिया सहित निर्माण योजनाओं के लिए अभियंता और तकनीकी पदों पर नियुक्तियां शामिल हो सकती हैं। सरकार की योजना के अनुसार प्रक्रिया समय पर पूरी हुई तो स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नियुक्ति पत्र वितरण या नई नियुक्तियों की घोषणा की जा सकती है।
रिक्त पदों को भरना सरकार की प्राथमिकता: वित्त मंत्री
वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि सरकारी विभागों में कर्मचारियों की कमी को दूर करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में अब तक 40 हजार से अधिक नियुक्तियां की जा चुकी हैं और अन्य खाली पदों को भरने की दिशा में लगातार काम जारी है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुसार शिक्षा, स्वास्थ्य, गृह, इंजीनियरिंग समेत सभी प्रमुख विभागों में स्वीकृत पदों के अनुरूप भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। संबंधित चयन आयोगों को लंबित नियुक्ति प्रक्रियाओं को जल्द पूरा करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।


