Friday, March 13, 2026

झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने वाला है, कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं.

Share

रांचीः झारखंड में फिलहाल मौसम शुष्क और साफ बना हुआ है, लेकिन 15 मार्च से मौसम का मिजाज बदलने के संकेत मिल रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में 15 मार्च से आंशिक बादल छाए रहेंगे और मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है.

14 मार्च तक बढ़ेगा तापमान

मौसम केंद्र के मुताबिक 13 और 14 मार्च को आसमान मुख्यतः साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा. इस दौरान राज्य में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है.

इस तारीख से बारिश के आसार

15 मार्च को उत्तर-पश्चिमी झारखंड को छोड़कर राज्य के कई हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहने और गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं 16 और 17 मार्च को भी राज्य के कई इलाकों में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ वर्षा हो सकती है.

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 15 से 17 मार्च के दौरान राज्य के कई इलाकों में मेघ गर्जन के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और वज्रपात की भी संभावना है. साथ ही 14 और 15 मार्च को उत्तर-पश्चिमी झारखंड के कुछ हिस्सों में उष्ण लहर यानी हीट वेव की स्थिति भी बन सकती है.

इस तारीख से बदलेगा मौसम

राजधानी रांची और आसपास के इलाकों की बात करें तो 15 मार्च से आंशिक बादल छाए रहने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है. 16 और 17 मार्च को भी बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं वर्षा हो सकती है. इस दौरान अधिकतम तापमान 31 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. मौसम विभाग के अनुसार 18 और 19 मार्च को भी राज्य के कई इलाकों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी. ऐसे में आने वाले दिनों में झारखंड में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है.

Jharkhand Weather

झारखंड के प्रमुख शहरों का तापमान. (फोटो-सौ. मौसम विभाग)

तापमान का हाल

मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक राज्य के कई शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया है. डाल्टनगंज सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. जमशेदपुर में 36.5 डिग्री, चाईबासा में 37.4 डिग्री और बोकारो थर्मल में 35.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. वहीं राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री और न्यूनतम 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा.

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा और बारिश नहीं हुई. हालांकि गुमला में न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे कम दर्ज किया गया. साफ आसमान और शुष्क मौसम की वजह से आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है.

Read more

Local News