रांची: झारखंड में आने वाले दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहने का अनुमान है। राज्य के कई हिस्सों में बारिश के साथ गरज, वज्रपात और तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम केंद्र, रांची के पूर्वानुमान के मुताबिक 20, 23 और 24 अगस्त को अलग-अलग इलाकों में मौसम खराब रहने की संभावना है।
छह जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट
23 अगस्त को पलामू, गढ़वा, चतरा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मौसम में अचानक बदलाव को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
इसके अलावा 20, 23 और 24 अगस्त को कुछ स्थानों पर गरज के साथ बिजली गिरने की आशंका है। इस दौरान करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार 20 और 21 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 22 से 26 अगस्त के बीच भी अलग-अलग इलाकों में बारिश तथा गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटे में भी झारखंड के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई। चतरा जिले के हंटरगंज में 58.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो इस अवधि में सबसे अधिक रही। तापमान की बात करें तो बहरागोड़ा में अधिकतम 34.1 डिग्री सेल्सियस और नामकुम में न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
तापमान में हो सकती है बढ़ोतरी
मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में करीब 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है। इसके बाद तापमान में बड़े बदलाव की संभावना कम है।
रांची में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रांची में 20 से 26 अगस्त तक आसमान में बादल छाए रहने का अनुमान है। इस दौरान एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 24 अगस्त को रांची में दो या उससे अधिक दौर में बारिश होने की संभावना जताई गई है।
इस अवधि में राजधानी का अधिकतम तापमान करीब 28 से 29 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
वज्रपात को लेकर सावधानी जरूरी
मौसम विभाग ने बिजली चमकने और वज्रपात की स्थिति में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। ऐसे मौसम में खुले मैदान में रहने और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना बेहतर है। मौसम में अचानक बदलाव होने पर स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने की अपील की गई है।
