रांचीः झारखंड में बर्फीली हवाओं का सिलसिला जारी है. तापमान में उतार चढ़ाव का दौर बरकरार है. दिन में गर्मी महसूस होने लगी है लेकिन धूप हटते ही ठंड महसूस की जा रही है. न्यूनतम और अधिकतम पारा के बीच का गैप बढ़ा है. इसकी वजह से मौसमी बीमारियां पांव पसार रहीं हैं. अस्पतालों में ब्लड प्रेशर, सर्दी और जुकाम से ग्रसित मरीजों की संख्या बढ़ी है. कई जिलों का अधिकतम पारा 30 डिग्री से ऊपर चला गया है. वहीं, ज्यादातर जिलों का न्यूनतम पारा 10 डिग्री से नीचे चला गया है.
न्यूनतम पारा में आई कमी
मौसम केंद्र, रांची के मुताबिक पिछले 24 घंटों में सबसे कम पारा गुमला में 6.6 डिग्री रिकार्ड हुआ है. इसके अलावा खूंटी, लातेहार , बोकारो और लोहरदगा का न्यूनतम पारा 7.0 से 8.0 डिग्री के बीच है. प्रमुख शहरों में रांची का न्यूनतम पारा 9.4 डिग्री, डाल्टनगंज का 7.9 डिग्री और जमशेदपुर का 12.6 डिग्री रहा है. वहीं चाईबासा में 10.4 डिग्री, पाकुड़ में 11.1 डिग्री, सरायकेला में 10.7 डिग्री और कोडरमा में 10.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है. ओवरऑल ठंड का प्रभाव अभी खत्म नहीं हुआ है.

झारखंड में ठंडी हवाओं के चलने के बावजूद अधिकतम पारा में सामान्य की तुलना में 2 से 3 डिग्री का इजाफा हुआ है. पिछले 24 घंटों में चाईबासा का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री पहुंच गया है. यह ठंड वाले सीजन का अबतक का सबसे ज्यादा तापमान है. दूसरे स्थान पर 31.0 डिग्री के साथ सरायकेला जिला है.
इसके बाद पूर्वी सिंहभूम जिला है. यहां 30.1 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड हुआ है. ज्यादातर जिलों का पारा 24 डिग्री से 30 डिग्री तक पहुंच चुका है. जबकि रांची का अधिकतम पारा 24.0 डिग्री जबकि लातेहार का 20.4 डिग्री रहा है. मौसम केंद्र के मुताबिक 12 फरवरी तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है.
अभी जारी रहेगा सर्दी का मौसम
मौसम केंद्र के मुताबिक 19 फरवरी तक न्यूनतम पारा के कम होने की वजह से सर्दी का सितम जारी रहेगा. लेकिन 13 फरवरी से 19 फरवरी के बीच अधिकतम पारा सामान्य से ऊपर या ज्यादा ऊपर रह सकता है. लिहाजा, आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान सामान्य से थोड़ा ज्यादा रहेगा. वहीं न्यूनतम पारा में कोई खास बदलाव आने की संभावना नहीं है.


