रांची, 20 नवंबर 2026। झारखंड में छात्रवृत्ति की राशि का इंतजार कर रहे विद्यार्थियों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। भुगतान में देरी को लेकर कल्याण मंत्री चमरा लिंडा ने शुक्रवार को विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी जिलों को लंबित भुगतान की प्रक्रिया तेज करने और विद्यार्थियों को अनावश्यक परेशानियों से बचाने का निर्देश दिया।
बैठक में छात्रवृत्ति योजनाओं के क्रियान्वयन और अब तक हुए भुगतान की स्थिति की जानकारी ली गई। खास तौर पर पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के भुगतान में हो रही देरी पर चर्चा हुई।
केंद्र से राशि नहीं मिलने पर जताई चिंता
मंत्री चमरा लिंडा ने कहा कि पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के लिए केंद्र सरकार से अपेक्षित राशि नहीं मिलने के कारण विद्यार्थियों में असंतोष है। उन्होंने जोर दिया कि छात्र-छात्राओं को समय पर छात्रवृत्ति का लाभ मिलना चाहिए और विभाग को इस दिशा में गंभीरता से काम करना होगा।
SNA Sparsh से जुड़ी तकनीकी परेशानी हुई दूर
समीक्षा बैठक में विभागीय सचिव ने बताया कि SNA Sparsh प्रणाली लागू होने के बाद भुगतान प्रक्रिया में कुछ तकनीकी समस्याएं सामने आई थीं। इन दिक्कतों के कारण विद्यार्थियों के खातों में छात्रवृत्ति की राशि पहुंचने में देरी हुई।
सचिव के मुताबिक, अब तकनीकी समस्याओं का समाधान कर दिया गया है और भुगतान की प्रक्रिया फिर से शुरू हो चुकी है।
लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने का निर्देश
मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जिन विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति लंबित है, उनके भुगतान में तेजी लाई जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि तकनीकी या प्रशासनिक कारणों से विद्यार्थियों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
बैठक में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के सचिव, आदिवासी कल्याण आयुक्त और आदिवासी सहकारी विकास निगम, रांची के प्रबंध निदेशक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
