Sunday, April 12, 2026

झारखंड में अब गर्मी तेज हो रही है, सबसे ज्यादा तापमान सरायकेला में दर्ज किया गया.

Share

रांचीः झारखंड में अब धीरे-धीरे गर्मी का असर तेज होने लगा है. अप्रैल के दूसरे सप्ताह से तापमान में लगातार बढ़ोतरी शुरू हो गई है. कई शहरों में पारा 35 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका है. मौसम विभाग के ताजा ऑब्जर्वेशन के मुताबिक पिछले 24 घंटे में राज्य के अलग-अलग हिस्सों में तापमान सामान्य से थोड़ा कम जरूर रहा, लेकिन लगातार बढ़ोतरी का ट्रेंड साफ दिख रहा है.

सरायकेला सबसे ज्यादा गर्म

सबसे ज्यादा गर्मी सरायकेला में दर्ज की गई, जहां तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. इसके अलावा डाल्टनगंज में 37 डिग्री और चाईबासा में 36.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया. जमशेदपुर और बोकारो भी गर्मी की चपेट में हैं, जहां पारा 36 डिग्री के आसपास बना हुआ है.

WEATHER FORECAST FOR JHARKHAND

रांची में अधिकतम तापमान 32 डिग्री

राजधानी रांची की बात करें तो यहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री दर्ज किया गया. हालांकि यह सामान्य से थोड़ा कम है. लेकिन लगातार बढ़ोतरी का ट्रेंड साफ नजर आ रहा है. वहीं राहत की बात यह है कि रात के तापमान में अभी थोड़ी नरमी बनी हुई है. सबसे कम न्यूनतम तापमान खूंटी में 15.2 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस हो रही है.

कुछ इलाकों में पारा 40 डिग्री के करीब पहुंच सकता है

बारिश की बात करें तो पिछले 24 घंटे में राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश नहीं हुई है यानी आसमान पूरी तरह साफ है और तेज धूप के कारण गर्मी लगातार बढ़ रही है. मौसम केंद्र, रांची के मुताबिक आने वाले दिनों में तापमान में और इजाफा होगा और कुछ इलाकों में पारा 40 डिग्री के करीब पहुंच सकता है, ऐसे में दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है. कुल मिलाकर झारखंड में अब ठंड का असर खत्म हो चुका है और गर्मी ने पूरी तरह दस्तक दे दी है.

Read more

Local News